शाहजहांपुर: हाइवे पर टेंपो से उतारकर मामा-भांजे को पीटा, लूट ले गए चेन
दिन दहाड़े हुई घटना से मचा हड़कंप, पुलिस बोली लूट नहीं, मारपीट हुई
तिलहर। अमृत विचार। नेशनल हाईवे पर भक्सी तिराहे के पास सोमवार को कुछ लोगों ने टेंपो से उतारकर मामा-भांजे की पिटाई कर दी और सोने की चेन लूट कर भाग गए। दिन दहाड़े हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में मौके पर पुलिस फोर्स पहुंच गया। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस मामला मारपीट का बता रही है, जबकि मामा-भांजे चेन लूट की घटना बता रहे हैं, फिलहाल पुलिस ने पिटाई में चोटिल लोगों का मेडिकल कराया है।
बरेली के थाना फरीदपुर के मोहल्ला परा निवासी अभिषेक जोशी ने बताया कि वह कच्चा कटरा मोहल्ला स्थित अपने मामा पप्पू के यहां आया था। यहां से सोमवार शाम करीब साढ़े चार वह मामा के साथ टेंपो से शाहजहांपुर अस्पताल में भर्ती बहन को देखने के लिए जा रहा था। हाईवे पर पूर्वी भक्शी तिराहे पर जैसे ही टेंपो पहुंचा, तभी काले रंग की बोलेरो पर सवार तीन लोग और एक बुलेट पर सवार दो लोग आ गए और टेंपो के आगे बोलेरो लगा दी।
जैसे ही टेंपो रुका, तभी उन लोगों ने अभिषेक को टेंपो से खींच लिया और पिटाई शुरू कर दी। मामा ने बचाने की कोशिश की तो उन लोगों ने मामा की भी पिटाई कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने अभिषेक के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। दिन दहाड़े हाईवे पर हुई मारपीट और लूट की घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। कोतवाल धनंजय सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और घटना को लेकर पीड़ित से जानकारी की। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में इधर-उधर लोगों से जानकारी की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने हमलावरों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर पिटाई में चोटिल लोगों का मेडिकल कराया। पुलिस मामला केवल मारपीट का मान रहा है। बताया कि दूसरों की पिटाई करने के लिए हमलावर आए थे, धोखे में इन दोनों की पिटाई हो गई।
प्रथम दृष्टतया लूट का मामला झूठा लग रहा है, केवल मारपीट हुई है, कोई रंजिश नहीं निकलकर आई है। बताया जा रहा है कि हमलावर दूसरों की पिटाई करने आए थे, लेकिन पिटाई इन लोगों की हो गई। मेडिकल करा दिया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी---धनंजय सिंह, इंस्पेक्टर।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: शहर में सरेशाम युवक को मारी गोली, हालत गंभीर, बरेली रेफर
