बरेली: नहीं चलेगी काम चोरी, सफाईकर्मियों की भी हाजिरी होगी ऑनलाइन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पंचायती राज विभाग के निदेशक ने जारी किए निर्देश, 15 सितंबर तक व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा

बरेली, अमृत विचार : अब सफाई कर्मियों की मनमानी नहीं चलेगी। काम करने के लिए उन्हें गांवों में जाना पड़ेगा। अगले महीने से उनकी हाजिरी ऑनलाइन लगेगी। पंचायती राज विभाग के निदेशक ने इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी निर्देश जारी किए हैं।

निदेशक ने 15 सितंबर तक सभी सफाई कर्मियों के नाम सहित पूरा विवरण पोर्टल पर दर्ज करने को कहा है, ताकि अगले महीने से सभी की ऑनलाइन हाजिरी लग सके। जिले की 1193 ग्राम पंचायतों में करीब दो हजार से अधिक सफाई कर्मी तैनात हैं। इनकी तैनाती पंचायती राज विभाग की ओर से ग्राम पंचायतों में रोस्टर के हिसाब से तय की गई है।

प्रधानों की ओर से इनकी उपस्थिति प्रमाणित करने पर विभाग वेतन भेजता है, लेकिन सफाई कर्मियों के गांवों में नहीं पहुंचने की शिकायतें अक्सर रहती हैं। इसपर शासन ने इनकी हाजिरी गांव के विद्यालय और पंचायत भवनों में ऑनलाइन लगवाने का निर्णय लिया है।

केयरटेकरों पर भी रहेगी नजर: जिले के समस्त गांवों में सामुदायिक शौचालय पर तैनात केयरटेकर भी नजर रहेगी। डीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सफाई कर्मचारियों के अलावा केयरटेकरों की ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था पंचायत भवनों और विद्यालयों में रहेगी। डीपीआरओ के साथ एडीपीआरओ सफाई कर्मियों और केयरटेकरों की हाजिरी का अवलोकन करेंगे। ब्लाक पर खंड विकास अधिकारी को इसकी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

ये भी पढ़ें - बरेली: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाकर किया बंटवारे के काले दिवस को याद, नकवी ने साधा कांग्रेस पर निशाना

संबंधित समाचार