सपा का विकल्प बनकर उभरी है सुभासपा, ओपी राजभर का दावा- शिवपाल इस पार्टी में होंगे शामिल
गोरखपुर। लोकसभा चुनाव से पहले एनडीए गठबंधन में शामिल होने बाद से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख और पूर्व कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर विपक्ष पर लगातार हमलावर हैं। इसी कड़ी में उन्होंने गोरखपुर में कहा कि सुभासपा समाजवादी पार्टी का विकल्प बनकर उभरी है। उनकी पार्टी ने महिलाओं को एकजुट करने का काम किया।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मैनपुरी, सहारनपुर, झांसी और गोरखपुर में सम्मेलन से सुभासपा के मजबूत संगठन की ताकत दिखती है। यही वजह है कि हर दल सुभासपा को साथ लेना चाहते हैं। सुभसपा प्रमुख यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में सपा का अब खाता भी नहीं खुलेगा। इसलिए समाजवादी पार्टी परेशान है।
सपा महासचिव शिवपाल यादव को लेकर ओपी राजभर ने कहा कि उन्हें जमीनी सच्चाई का पता चल चुका है। इसके साथ ही उन्होंने शिवपाल यादव की तरफ से मिले प्रस्ताव के सवाल पर कहा कि यह संभव नहीं है। उन्होंने दावा किया कि शिवपाल खुद उनके साथ (सुभासपा) में आएंगे।
संसद में विपक्ष के लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर हमला बोलते हुए सुभासपा प्रमुख ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। विपक्षी एकता के पास ताकत नहीं बची है। इसलिए चुनाव जीतने का सवाल कहां पैदा होता है। उन्होंने सपा को यूपी में 80 लोकसभा सीटों पर उतरने की चुनौती दी।
ये भी पढ़ें -Independence Day 2023: स्वतंत्रता दिवस पर सीएम योगी के किया ध्वजारोहण, 52 सेकेंड के लिए थम गई राजधानी
