सीतापुर : सावन के अधिक मास की अमावस्या आज, नैमिषारण्य में श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
सीतापुर, अमृत विचार। पवित्र मास सावन के अधिक मास की अमावस्या आज (बुधवार) मनाई जा रही है। पौराणिक नगरी तीर्थ नैमिषारण्य में सुबह तड़के से ही स्नान दान का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने विभिन्न घाटों पर स्नान कर पुरोहितों को दान दक्षिणा दी। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी बल प्रमुख स्थलों पर मुस्तैद है।
विश्व प्रसिद्ध तीर्थ नैमिषारण्य में सावन के अधिक मास की अमावस्या का महान पर्व श्रद्धा और भक्ति से मनाया जा रहा है। एक दिन पहले से ही श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया। भोर होते ही लोगों ने चक्र तीर्थ सहित आदि गंगा गोमती राजघाट पर आस्था की डुबकी लगाई। जिसके बाद मां ललिता देवी के दर्शन कर परिवार के सुख समृद्धि की कामना की। जिसके बाद हनुमान गढ़ी, सूत गद्दी, व्यास गद्दी, कालीपीठ, देवदेवेश्वर धाम, रुद्रावर्त तीर्थ,त्रिशक्ति धाम सिद्धेश्वर महादेव सहित विभिन्न मठ मंदिरों के दर्शन किए। इसके अलावा पितरों के मोक्ष के निमित्त लोगों ने पिंडदान सहित श्राद्ध आदि सत्कर्म किए।
मंदिरों में पूजा-पाठ का दौर सुबह से ही शुरू हो गया। सत्यनारायण व्रत कथा, विष्णु सहस्रनाम सहित अन्य धार्मिक आयोजन होते रहे। ललिता देवी मंदिर, चक्र तीर्थ, गोमती राजघाट ललिता देवी चौराहे सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पुलिस ड्यूटी पर मुस्तैद हो गई। बड़े वाहनों को बैरीकेडिंग लगाकर रोका गया,जिससे जाम ना लगे।
ये भी पढ़ें -पूर्व PM अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि
