बरेली: पीलीभीत डीएम को नेपाल से सटे इलाकों में यूरिया तस्करी रोकने का आदेश
मंडलीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने कहा कि काम में देरी करने पर ठेकेदार पर लगाएं जुर्माना
बरेली, अमृत विचार : मंडलीय विकास कार्याें की प्रगति की कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने बुधवार को समीक्षा बैठक की। उन्होंने अटल आवासीय विद्यालय के निर्माण कार्य की प्रगति कम होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए दिसंबर तक काम पूरा करने और देरी पर ठेकेदार पर जुर्माना लगाने को कहा। उन्होंने पीलीभीत के डीएम से कहा कि पीलीभीत से नेपाल से सटे क्षेत्रों में यूरिया की अवैध की तस्करी की जाती है।
कुछ उद्योगों प्लाईबोर्ड, पेंट के निर्माण कार्यों में इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने यूरिया की तस्करी राेकने और अवैध कार्य करने वाली फैक्ट्रियों को चिन्हित कर कार्रवाई के आदेश दिए। कमिश्नर ने आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने में बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर की प्रगति बेहतर नहीं होने पर सभी सीएमओ को तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता कम होने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि राशन की रिक्त दुकानों का आवंटन दो महीने से ज्यादा लंबित न रहे। दूध निकालने के बाद गोवंश को छोड़ देने वालों पर एफआईआर कराएं। चीनी मिल बहेड़ी, नवाबगंज, बरखेड़ा, मकसूदापुर को पेराई सत्र 2022-23 की बकाया धनराशि के भुगतान के आदेश सभी डीएम को दिए। कमिश्नर ने 50 लाख से अधिक निर्माण परियोजनाओं (सड़कों को छोड़कर) की समीक्षा में पाया कि 252 परियोजनाओं के लिए स्वीकृत 4271.27 करोड़ के सापेक्ष जुलाई तक 3029.00 करोड़ की धनराशि अवमुक्त हुई हैं।
इसमें 2641.04 करोड़ की धनराशि खर्च कर 30 परियोजनाएं पूरी कर ली गई हैं। 194 परियोजनाओं का कार्य प्रगति पर हैं। मंडलायुक्त ने सीएम की घोषणा वाली परियोजनाओं, पौधरोपण की भी समीक्षा की। इस मौके पर डीएम बरेली शिवाकांत द्विवेदी, डीएम शाहजहांपुर उमेश प्रताप सिंह, डीएम पीलीभीत प्रवीण कुमार लक्षकार, अपर आयुक्त प्रशासन अरुण कुमार, संयुक्त विकास आयुक्त प्रदीप कुमार, सीडीओ बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर समेत अन्य विभागों के मंडलीय अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - बरेली: इंस्टाग्राम-यूट्यूब पर अश्लील और हिंसक फिल्में देख बाली उम्र में बन गए बंदी
