चित्रकूट : ट्रक की टक्कर से बाइकसवार की मौत, साथी घायल
राजापुर /चित्रकूट, अमृत विचार। यमुना पुल पर बीती रात तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हनुमानगंज निवासी शंकर (40) पुत्र भुल्लू उर्फ ओमप्रकाश सोनकर पड़ोसी हित्तू पुत्र रामकृपाल के साथ बुधवार को बाइक से महेवाघाट (कौशांबी) गए हुए थे। रात लगभग नौ बजे लौटते समय यमुना पुल पर राजापुर से आ रहे एक ट्रक ने बाइक पर टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने एंबुलेंस से शंकर को कौशांबी जिले के मंझनपुर अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया गया। हित्तू को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
उधर मृतक की पत्नी ननकी देवी ने राजापुर थाने में अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध तहरीर दी है। ननकी ने बताया कि चालक ट्रक लेकर भाग गया। बताया जाता है कि प्रत्यक्षदर्शियों ने ट्रक का नंबर नोट कर थाना राजापुर को दिया है। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था। बड़े भाई की कई वर्ष पहले दुर्घटना में मौत हो चुकी है। मृतक के चार पुत्र बउआ, राम, गिज्जू, नान भइया तथा चार पुत्रियां हैं। उधर, प्रभारी निरीक्षक भास्कर मिश्रा ने बताया कि वाहन चालक के विरुद्ध तहरीर मिली है और रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
ये भी पढ़ें -हरदोई : काफी मशक्कत के बाद चार मंजिला भवन से उतारा गया सांड
