कानपुर: गाय के गेहूं खाने पर बताशा व्यापारी की ईंट-पत्थर से कूचकर हत्या
कानपुर, अमृत विचार। रावतपुर थानाक्षेत्र में गाय के गेहूं खा लेने पर गुस्साए पड़ोसी ने बताशा व्यापारी को ईंट-पत्थरों से कूच दिया। जिससे वह घटनास्थल पर बेहोश हो गए। इस दौरान पति को बचाने गई पत्नी को भी आरोपी ने ईंट मारकर सिर फोड़ दिया। नाजुक हालत में परिजन दंपति को हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पति को चार घंटे बाद मृत घोषित कर दिया गया।
वहीं पत्नी का इलाज शुरू किया गया। रावतपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज करके उसे दबोच लिया। रावतपुर गांव में कब्रिस्तान के बगल में रईस शाह का हाता है। जहां वर्षों से मूलरूप से जिला झांसी के थाना समथर के ग्राम साकिन में रहने वाले बताशा व्यापारी 55 वर्षीय रामलखन विश्वकर्मा रहते थे।
रामलखन के भतीजे रवि ने बताया कि 16 अगस्त को चाचा के पड़ोसी दीपक की पत्नी ने गेहूं धोकर डाले हुए थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे के आसापस गाय गेहूं को खा गई। इस दौरान दीपक की पत्नी बाहर निकली तो उन्होंने रामलखन की पत्नी रेखा देवी को उलाहना देते हुए कहा कि गाली-गलौज शुरू कर दी।
उन्होंने बताशा सेकने की बात कही। इसी बात को लेकर दीपक ने खुन्नस रखे हुए रामलखन के ऊपर ताबड़तोड़ ईंट पत्थरों से अचानक हमला कर दिया। जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गए। इस दौरान पत्नी रेखा बचाने दौड़ी तो उसके सिर पर भी ईंट से हमला कर सिर फोड़ दिया। जिससे वह लहूलुहान हो गईं।
घटना में चीख-पुकार सुन मोहल्ले के लोग दौड़े तो कबाड़ का काम करने वाला आरोपी दीपक भाग निकला। परिवार के लोगों ने उन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चार घंटे के बाद रामलखन की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने हंगामा शुरू किया तो पुलिस ने दबिशें देकर आरोपी दीपक पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
पत्नी रेखा ने बताया कि उनके दो बच्चे कृष्णा और वैष्णवी हैं। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे बच्चे पिता का शव देखकर बिलख-बिलखकर रोने लगे। जिन्हें अन्य परिजनों ने संभाला। इस मामले में रावतपुर थाना प्रभारी नीरज ओझा ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर दीपक के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें:-कानपुर: किसान की मौत के मामले में महिला समेत तीन गिरफ्तार, चौकी प्रभारी लाइन हाजिर
