अयोध्या : बिजली की फिजूलखर्ची पर लगाम के लिए अब चलेगा अभियान
घर के बाहर जलती मिली लाइट तो जुर्माना भी संभव, उपभोक्ता किए जायेगें जागरूक
अयोध्या, अमृत विचार। बिजली की फिजूलखर्ची को रोकने के लिए विभाग ने पहल की है। इसके लिए कनेक्शन जारी करने से लेकर बिल भुगतान करने पहुंचे उपभोक्ताओं को बिजली बचत करने के लिए जागरूक करने का अभियान चलाया जाएगा।
शासन के एक आदेश पर विभाग हरकत में आ गया है। एक सितंबर से दिन में बाहर बल्ब नहीं जलाने और घर में बिजली बचत करने का तरीका सिखाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। चार लाख से अधिक उपभोक्ताओं को शेड्यूल के अनुसार बिजली उपलब्ध कराने के लिए 136 मेगावाट की जरूरत है। इसके लिए हर रोज विभाग डिमांड भेजता है। वर्तमान में खपत से अधिक बिजली खर्च होने से ट्रांसफार्मर की कौन कहें फीडर ही ओवरलोड हो जा रहे हैं। इससे लो-वोल्टेज के साथ अघोषित बिजली कटौती की मार झेलनी पड़ रही हैं। लो-वोल्टेज व कटौती का कारण बिजली की फिजूलखर्ची बताया जा रहा है। शासन ने बिजली की फिजूलखर्ची रोकने के लिए जागरूकता अभियान शुरू करने का आदेश दिया है। एक सितंबर से बिजली कनेक्शन लेने वाले और बिल का भुगतान करने पहुंचे उपभोक्ताओं को दिन में बाहर बल्ब नहीं जलाने, जरूरत होने पर ही घर में बल्ब जलाने, एलईडी बल्ब का उपयोग करने और बिना वजह पंखा आदि नही चलाने के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जेई से लेकर एसई तक उपभोक्ताओं को करेंगे जागरूक
बिजली बचत करने के लिए अवर अभियंता से लेकर अधीक्षण अभियंता तक को जिम्मेदारी दी गई हैं। अवर अभियंता कनेक्शन जारी करने के लिए भौतिक सत्यापन करने के समय, एसडीओ कनेक्शन देने व बिल संशोधन के दौरान, एक्सईएन के यहां पहुंचे बिजली समस्या के निस्तारण के समय और अधीक्षण अभियंता चेकिंग या उनके पास शिकायत निस्तारण के लिए आवेदन देने पहुंचे उपभोक्ताओं को जागरूक करेंगे।
बोले जिम्मेदार
डिमांड से अधिक बिजली मिलने के बावजूद लो-वोल्टेज व बिजली कटौती हो रही है। इसका कारण बिजली की फिजूलखर्ची है। बिजली बचत करने के लिए हर स्तर पर उपभोक्ताओं को जागरूक किया जाएगा। बिजली बचत उत्पादन जितनी ही महत्वपूर्ण है। - प्रदीप कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता, विघुत वितरण खंड प्रथम, अयोध्या
ये भी पढ़ें -अयोध्या : बाढ़ प्रभावित गांवों के लिए संकट बना सरयू का घटता - बढ़ता जलस्तर, कटान लगातार जारी
