Kanpur Dehat News: बदलते मौसम में वायरल बुखार की बढ़ी रफ्तार, चिकित्सकों की सलाह की न करें अनदेखी
कानपुर देहात में बदलते मौसम में वायरल बुखार की बढ़ी रफ्तार।
कानपुर देहात में बदलते मौसम में वायरल बुखार की रफ्तार बढ़ी। असामान्य तापमान के कारण श्वसन संबंधी रोगों का प्रकोप बढ़ने लगता है।
कानपुर देहात, अमृत विचार। मौसम में कभी सर्दी व कभी गर्मी बीमारियों को फैलने का प्रबल मार्ग प्रश्स्त करती हैं। असामान्य तापमान के कारण श्वसन संबंधी रोगों का प्रकोप बढ़ने लगता है। खांसी, जुकाम, बुखार आदि मौसमी व मच्छर जन्य बीमारियों के प्रसार के लिए यह समय उपयुक्त है। जहां एक ओर वायरल बुखार का प्रकोप भी चरम पर है।
मध्य अगस्त से सितंबर तक डेंगू व चिकनगुनिया काल रहता है। इसका कारण अपने आसपास पानी में पनप रहे मच्छरों पर ध्यान न देना है। इस समय वायरल बुखार से पीड़ितों की लंबी कतार अस्पतालों में देखी जा सकती है। जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. प्रतीक सक्सेना का कहना है कि मौसम पूरी तरह से प्रतिकूल है। वायरल जनित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
वर्तमान में आई फ्लू की रफ्तार धीमी पड़ी है, लेकिन धूप बीमारी का प्रकोप बढ़ा सकती है। काला चश्मा लगाना, बीमार व्यक्ति के संपर्क से बचना, दूसरे के तौलिया आदि वस्त्रों का प्रयोग न करना, नियमित साफ पानी से आंख धुलना, आंखों में गुलाब जल का प्रयोग, हाथों को सैनेटाइज करना आदि बचाव की युक्तियों से बीमारी को दूर रखा जा सकता है। जिला अस्पताल में वर्तमान में भी नेत्र फ्लू से ग्रसित मरीज ही बहु संख्या में बने हैं।
बुखार, डेंगू व चिकनगुनिया से बचने के उपाय
वायरल बुखार इस मौसम के असामान्य तापमान के कारण तेजी पकड़ रहा है। बारिश में भीगना, खाने में ठंडी वस्तुओं का प्रयोग, गड़बड़ दिनचर्या, उमस भरा मौसम आदि सभी कारण है। डेंगू व चिकनगुनिया के प्रसार का समय आ रहा है। आसपास कूलर, गड्ढे, नालियों में साफ व गंदे पानी का जलजमाव इसका प्रमुख कारण हैं। घरों में मच्छरों को मारने वाली अगरबत्ती, लोशन, स्प्रे आदि का उपयोग व पूरी आस्तीन के कपड़े बचाव में सहायक हैं।
रखें अपना ध्यान, दवाओं की नहीं कमीं
जिले में बढ़ती बीमारियों के बीच सीएमओ डॉ. एके सिंह का कहना है कि हमारे पास दवाओं का समुचित भंडार है। कोविड हेल्प डेस्क को बदलकर अन्य बीमारियों में मदद के लिए तैयार कर दिया गया है। जिला अस्पताल समेत सभी स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
