Mahoba News : करोड़ों रुपये की पेयजल योजना धड़ाम, पानी के लिए मचा हाय-तौबा, टैंकर से की जा रही सप्लाई
महोबा में करोड़ों रुपये की पेयजल योजना भी ऊंचाई के इलाकों में हुई धड़ाम।
महोबा में करोड़ों रुपये की पेयजल योजना भी ऊंचाई के इलाकों में हुई धड़ाम। ऊंचाई के इलाकों में पानी के लिए हाय तौबा मची। वहीं, टैंकर से सप्लाई की जा रही।
महोबा, अमृत विचार। करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई महोबा पुर्नगठन पेयजल योजना के बाद भी शहर के ऊंचाई के इलाके आज भी प्यासे हैं। करोड़ों रुपये की इस महत्वाकंक्षी योजना का लाभ ऊंचाई के इलाकों के बाशिंदों को नहीं मिल पा रहा है, नतीजतन वह आज भी हैंडपंपों या टैंकरों के सहारे प्यास बुझा रहे हैं।
हालत यह है कि इन इलाकों में पानी को लेकर हाय तौबा मची रहती है। टैंकर आते ही लोग सारे कामकाज छोड़कर पानी के लिए टूट पड़ते हैं, लेकिन जल संस्थान और जल निगम पेयजल योजनाओं में करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी यहां के बाशिंदों को पानी मुहैया नहीं करा पा रहा है।
शहर के नयापुरा नैकापुरा नैकाना, बड़ीहाठ का ऊंचाई ढपलनापुरा, समदनगर, माथुरनपुरा, भटीपुरा सहित आधा दर्जन से ज्यादा मोहल्ले आज भी पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। सबसे ज्यादा पानी की किल्लत नयापुरा नैकाना में है। यहां पर पहले छोटे हैंडपंप चलाकर लोग सप्लाई आने पर आठ दस बल्टी पानी खींच लेते थे।
लेकिन एक माह से अब सप्लाई का एक बूंद पानी नहीं आ रहा है, जिससे इस मोहल्ले में पानी को लेकर मारामारी मची हुई है। शुक्रवार को नयापुरा नैकाना मोहल्ले में टेंकर आते ही महिलाएं, पुरुष, बच्चे पानी के लिए टूट पड़े और टेंटर में शटक डालकर पानी निकलाने लगे, जिससे आधा घंटे में ही टेंकर का पानी खत्म हो गया, जिससे तमाम लोग पानी से वंचित रह गए।
इसी तरह ढपलनापुरा, कसौरा टोरी, बड़ीहाठ, भटीपुरा, समदनगर सहित ऊंचाई के इलाकों में पानी की आपूर्ति छोड़े जाने के बाद भी इन मोहल्लों में पानी नहीं पहुंचता है, जिससे यहां के बाशिंदे सारे कामकाज छोड़कर सबसे पहले पानी के इंतजाम में जुट जाते हैं। हालत यह है कि लोग पानी के चक्कर में लेट लतीफ काम पर जाते हैं, जिससे कई लोगों को देर से जाने पर मजदूरी तक नहीं मिलती है। सरकार हर घर जल योजना तो चला रही है, लेकिन हर घर पानी पहुंचाने के समुचित इंतजाम नहीं कर पा रही है, जिससे पानी के लिए लोगों को हैंडपंपों और कुओं का सहारा लेना पड़ रहा है।
पानी नहीं बिल बराबर भेज रहा विभाग
मोहल्ला नयापुरा नैकाना निवासी रवि, जगदीश निखंज, बृजेश, नीरज साहू, नासिर सहित तमाम लोगों का कहना है कि जल संस्थान समय से नलों के बिल तो भेज देते हैं, लेकिन पानी की इस सप्लाई कहां पहुंच रही है या कहां नहीं पहुंच रही है इसकी सुख नहीं लेता है, जिससे पानी न आने के बाद भी बिल बराबर भेजे जा रहे है, जिससे जल संस्थान और जल निगम के प्रति लोगों में खासा गुस्सा है। नागरिकों का कहना है कि पानी के लिए सुबह पांच बजे से जागते हैं इसके बाद भी सप्लाई न आने पर मायूस हो जाते हैं।
