Kanpur News: अर्मापुर से पनकी तक पांच किमी सड़क होगी फोरलेन, एक सप्ताह में लोक निर्माण विभाग सौंपेगा एस्टीमेट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में अर्मापुर से पनकी तक पांच किमी सड़क होगी फोरलेन।

कानपुर में अर्मापुर से पनकी तक पांच किमी सड़क फोरलेन होगी। मंडलायुक्त और डीएम ने सड़क का निरीक्षण किया। एक सप्ताह में लोक निर्माण विभाग भी एस्टीमेट सौंपेगा।

कानपुर, अमृत विचार। अर्मापुर से पनकी हाईवे की ओर जाने वाली पांच किलोमीटर की सड़क जल्द ही फोरलेन बनाई जाएगी। इसके साथ ही पनकी स्टेशन के पास स्थित पुल के समानांतर पुल भी बनेगा। पीडब्ल्यूडी एक सप्ताह के भीतर फोरलेन सड़क का एस्टीमेट तैयार कर मंडलायुक्त को सौंपेगा। इसके साथ ही सड़क के किनारों पर नगर निगम सुंदरीकरण का कार्य करेगा। मंडलायुक्त अमित गुप्ता और  जिलाधिकारी विशाख जी समेत अन्य अधिकारियों ने इस टू लेन मार्ग का निरीक्षण किया। 

अर्मापुर से पनकी हाईवे की ओर जाने वाला मार्ग अभी दो लेन है। इस मार्ग पर यातायात का दबाव बहुत है। यही वजह है कि इस मार्ग को फोर लेन बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है। अर्मापुर पुल से पनकी हाईवे तक लगभग पांच किलोमीटर की सड़क को फोरलेन बनाने की योजना है।

गुरुवार को मंडलायुक्त अमित गुप्ता, जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर, नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने सड़क का निरीक्षण किया। फोरलेन सड़क निर्माण में बीच में डिवाइडर बनेगा। साथ ही सड़क के दोनों ओर सुंदरीकरण किया जाएगा। सड़क पीडब्ल्यूडी बनाएगा तो सौंदर्यीकरण का जिम्मा नगर निगम को सौंपा गया है।

सड़क के किनारों पर नगर निगम रेलिंग लगवाकर सौंदर्यीकरण करेगा। मंडलायुक्त ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर एस्टीमेट बनाकर सौंपने को निर्देशित किया है। पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता राकेश यादव ने बताया कि जरीब चौकी से पनकी हाईवे की ओर जाने वाली सड़क पीडब्ल्यूडी की है।

विजय नगर चौराहे से पनकी हाईवे की ओर जाने पर विजय नगर चौराहे से अर्मापुर पुल तक की सड़क फोरलेन है, जबकि अर्मापुर पुल से हाईवे तक की पांच किलोमीटर की सड़क टू लेन होने के कारण जाम की समस्या से लोगों को परेशान होना पड़ता है। पांच किलोमीटर की सड़क का सर्वे कराया जा रहा है, जल्द ही एस्टीमेट बनाकर मंडलायुक्त को सौंप दिया जाएगा। 

भू स्वामित्व की जानकारी कर रहा पीडब्ल्यूडी

फोरलेन सड़क निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी ने एसडीएम सदर को पत्र लिख कर भू स्वामित्व की जानकारी मांगी है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि सर्वे के अनुसार करीब 40 फीट की भूमि पीडब्ल्यूडी की है। इसके आगे की जगह की जानकारी के लिए एसडीएम सदर को पत्र लिखा गया है, जिसके साथ ही कब्जे वाले स्थानों पर अतिक्रमण अभियान चला कर जगह को खाली कराया जाएगा।

संबंधित समाचार