Kanpur: बिना ड्यूटी वेतन उठाने के खेल पर लगेगा लगाम, सफाई कर्मियों की ऑनलाइन हाजिरी, यहां लें- पूरा अपडेट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में 15 सितंबर से सफाई कर्मियों की ऑनलाइन हाजिरी।

कानपुर में बिना ड्यूटी वेतन उठाने के खेल पर लगाम लगेगी। अब सफाई कर्मियों की लगेगी ऑनलाइन हाजिरी।

कानपुर, अमृत विचार। अब ग्राम पंचायतों में तैनात सफाई कर्मी बिना ड्यूटी के वेतन नहीं उठा पाएंगे। अभी ग्राम पंचायतों में बिना ड्यूटी के वेतन उठाने का ‘खेल’ चल रहा था। इसे रोकने के लिए अब सफाई कर्मियों की ऑनलाइन हाजिरी होगी। अगर वह गैरहाजिर होंगे तो उनका वेतन काट दिया जाएगा। यह प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरु होगी। 

सफाई कर्मियों की ऑनलाइन हाजिरी के लिए डाटा एंट्री की जा रही है। यह काम 15 सितंबर तक पूरा करना है। इस संबंध में पंचायती राज मिशन और स्वच्छ भारत मिशन के निदेशक प्रमोद कुमार उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए हैं। डाटा एंट्री के बाद मोबाइल और कंप्यूटर के माध्यम से हाजिरी दर्ज होगी।

इसकी निगरानी संबंधित एडीओ पंचायत, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी नियमित रूप से करेंगे। जिन ग्राम पंचायतों में डेस्कटॉप कंप्यूटर से उपस्थिति दर्ज करने के लिए वेब कैमरा और जीपीएस सिस्टम नहीं हैं वहां वित्त आयोग की धनराशि से तत्काल वेब कैमरा और जीपीएस सिस्टम खरीदने करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस तरह होगी ऑनलाइन हाजिरी

हाजिरी के लिए कर्मी का नाम, मोबाइल नंबर, तैनाती और राजस्व गांव यह अंकित होना आवश्यक रहेगा। जिससे वहां पर जांच करने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। ऑनलाइन हाजिरी के लिए विषम परिस्थितियों में छूट दी जाएगी। इसमें बाढ़, दैवीय आपदा, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री के अलावा जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रम, चुनाव के दौरान अधिकारियों की स्वीकृति पर पोर्टल पर हाजिरी दर्ज की जाएगी। इसकी समय-समय पर जांच भी की जाएगी।

शासन के आदेशानुसार सभी कर्मचारियों का डाटा ऑनलाइन फीड किया जा रहा है। ऐप आते ही सभी कर्मचारियों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज कराई जाएगी। गायब रहने वाले का वेतन काटा जाएगा।- कमल किशोर, डीपीआरओ

संबंधित समाचार