बरेली: कोरोना के लक्षण दिखे तो आइसोलेशन कक्ष में देनी होगी नीट परीक्षा
बरेली,अमृत विचार। बीएड और जेईई की परीक्षा के बाद अब 13 सितंबर को नेशनल एलिजिबिलिटी कम इंट्रेंस टेस्ट (नीट) की परीक्षा होनी है। इसके लिए कुल 31 केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर एक आईसोलेशन कक्ष भी तैयार किया गया है। परीक्षा के दौरान कोई भी लक्षण मिलता है तो उस अभ्यर्थी की परीक्षा …
बरेली,अमृत विचार। बीएड और जेईई की परीक्षा के बाद अब 13 सितंबर को नेशनल एलिजिबिलिटी कम इंट्रेंस टेस्ट (नीट) की परीक्षा होनी है। इसके लिए कुल 31 केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर एक आईसोलेशन कक्ष भी तैयार किया गया है। परीक्षा के दौरान कोई भी लक्षण मिलता है तो उस अभ्यर्थी की परीक्षा आइसोलेशन कक्ष में ही दिलाई जाएगी।
रविवार को होने वाली नीट की परीक्षा में कोरोना के चलते इस बार कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। सिटी कोऑर्डिनेटर वीके मिश्रा ने बताया कि इस बार 14000 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिन अभ्यर्थियों के शरीर का तापमान 99.6 फारेनहाइट से अधिक मिलता है या फिर उनमें कोरोना का कोई और लक्षण मिलता है तो उन्हें आईसोलेशन कक्ष में ही बैठकर परीक्षा देनी होगी।
साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा में प्रवेश एक साथ न देकर अलग-अलग समय पर दिया जाएगा। हर अभ्यर्थी के प्रवेश पत्र पर अलग-अलग समय लिखा गया है। जो समय प्रवेश पत्र पर लिखा है उसी समय पर अभ्यर्थी को प्रवेश दिया जाएगा। यह फैसला लिया लिया गया ताकि केंद्र पर भीड़ न लगे। सबसे पहले अभ्यर्थी का प्रवेश 11 बजे होगा और आखिरी अभ्यर्थी का 1:30 बजे। इसके बाद आने वाले को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। दो बजे से परीक्षा शुरू होकर पांच बजे तक चलेगी।
इस बार बनेगा काउंटर, जहां होगी पूछताछ
वीके मिश्रा ने बताया कि कोरोना के चलते गाइड लाइन के अनुसार इस बार केंद्र के प्रवेश द्वार पर भीड़ नहीं लगवानी है। 100 मीटर दूर ही अभिभावकों को रोक दिया जाएगा। वहां से अभ्यर्थियों को पैदल चलकर आना होगा। मुख्य द्वार पर परीक्षा कक्ष की सूची चस्पा नहीं की जाएगी। केंद्र के अंदर एक रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाया जाएगा। उस पर जाकर ही परीक्षार्थी को अपना कक्ष पूछना होगा। साथ ही वहीं पर उनसे भी पूछताछ हो जाएगी।
