बदायूं: शादी के दो महीने बाद महिला की डिलीवरी, पति ने फंदा लगाकर दी जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार।  थाना हजरतपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक शादी बरेली रहने वाली युवती के साथ लगभग सवा दो महीने पहले हुई थी। 15 अगस्त को महिला को दर्द उठा तो पति उसे लेकर बरेली जा रहा था। रास्ते में महिला की कार में डिलीवरी हो गई।

जिसको लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हो गया। महिला अपने मायके चली गई। जिससे परेशान होकर युवक ने शुक्रवार की रात अपने घर पर फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम कराया। जिसमें हैंगिंग से मौत होने की पुष्टि हुई है।

हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव चंगासी निवासी सचिन (22) पुत्र भंवरपाल खेती करते थे। उनके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उनकी छोटी बहन 12 वर्षीय वीरावती उनके साथ रहती थी। ग्रामीणों के अनुसार सचिन की शादी जिला बरेली के थाना फरीदपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के साथ 11 जून 2023 को हुई थी। सचिन की पत्नी उनके साथ ही रह रही थी। मंगलवार की दोपहर उनकी पत्नी को तेज दर्द हुआ था। सचिन घबरा गए। उन्होंने एक ईको कार किराए पर की और पत्नी को दिखाने के लिए बरेली जा रहे थे।

रास्ते में उनकी पत्नी की डिलीवरी हो गई। उसने एक लड़की को जन्म दिया। कुछ समय के बाद लड़की की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार शादी के दो महीने बाद ही डिलीवरी होने की वजह से सचिन के पैरों तले जमीन खिसक गई। उनका पत्नी से झगड़ा हो गया। पत्नी उन्हें छोड़कर अपने मायके चली गई थी। जिसके बाद से सचिन परेशान रहने लगे थे।

शुक्रवार की शाम वह अपने घर पर थे। उनकी छोटी बहन घर के काम कर रही थी। इसी दौरान रात लगभग आठ बजे सचिन ने अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। छोटी बहन ने फंदे पर शव देखा तो चीखने लगी। आवाज सुनकर पड़ोसी एकत्र हो गए।

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के दौरान सचिन के तहेरे भाई रामवीर ने बताया कि सचिन की पत्नी शादी से पहले से ही गर्भवती थी। यह बात युवती और उसके परिजनों ने छिपाई थी। परिजनों की ओर से किसी के खिलाफ भी तहरीर नहीं दी गई है।

ये भी पढ़ें - बदायूं: आपसी कहासुनी में पत्नी और आठ महीने की बच्ची की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

संबंधित समाचार