लखीमपुर-खीरी: पान की दुकान पर गए युवक की करंट लगने से मौत, परिवार में मचा कोहराम
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना पढुआ धौरहरा क्षेत्र के रमियाबेहड़ गांव में पान की दुकान पर सामान लेने गए युवक करंट की चपेट में आ गया, जिससे वह चिपक गया। पड़ोसी दुकानदार ने जब उसे छुड़ाने की कोशिश की तो वह भी चपेट में आ गया। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद तार काट कर दोनों को अलग किया। सूचना पर पहुंचे परिजन युवक को सीएचसी रमियाबेहड़ ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रमियाबेहड़ निवासी मोनू गुप्ता (18) पुत्र बच्चू लाल घर से पान मसाला खरीदने पड़ोस में स्थित शुक्ला पान भण्डार पर गया था। जहां दुकान के बाहर लगे स्विच बोर्ड में उसका हाथ छू गया, जिससे उसको करंट लगा और वह चिपक गया।
काफी समय तक एक ही स्थिति में खड़े मोनू गुप्ता को देखकर पड़ोस में चाट बेंच रहे दुकानदार गुड्डू को अनहोनी की आशंका हुई तो वह भी दौड़कर पहुंचा। जिससे करंट की चपेट में वह भी आ गया। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद तार काटकर दोनों को छुड़ाया। हालत गंभीर होने पर मोनू गुप्ता को परिजन उसे सीएचसी रमियाबेहड़ ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते पुत्र की मौत से के बाद घर में चीख पुकार मची हुई है। एसओ हनुमंत लाल तिवारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: गुल्ला टूटने से पलटी ट्रॉली, एक कांवड़िए की मौत, तीन घायल
