लखीमपुर खीरी: किशोरी से शारीरिक संबंध बनाकर कराया गर्भपात, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना मितौली क्षेत्र में एक युवक गांव की ही किशोरी को बहला फुसलाकर उससे शारीरिक संबंध बनाता रहा। किशोरी जब सात माह की गर्भवती हुई तो उसका गर्भपात करा दिया और पुलिस के पास शिकायत करने जाने पर जान से मार देने की धमकी दी। इससे परेशान पीड़िता की बड़ी बहन ने वीडियो बनाकर वायरल किया। वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। 

शनिवार देर शाम मितौली क्षेत्र की एक गांव की महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल वीडियो में महिला ने कहा कि उसकी 16 वर्षीय छोटी बहन को बहला फुसलाकर  गांव के ही कुछ दबंग युवकों ने शारीरिक सम्बन्ध बनाए, जिससे बहन सात माह की गर्भवती हो गई। इसकी जानकारी हुई तो आरोपी उसकी बहन को जबरदस्ती उठा ले गए और उसका गर्भपात करा दिया। गर्भपात होने से उसकी हालत बिगड़ गई। जब परिवार के लोग पुलिस के पास जाने की बात करते हैं तो दबंग जान से मारने की धमकी देते है। 

वीडियो वायरल होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस भी हरकत में आ गई। एसओ आलोक कुमार धीमान शनिवार देर रात पीड़िता के घर पहुंचे। उसे महिला सिपाहियों के साथ थाने लाए। पीड़िता की बड़ी बहन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसओ ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: पान की दुकान पर गए युवक की करंट लगने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

संबंधित समाचार