रामपुर की अध्यापिका को पीलीभीत के पिता-पुत्र ने बनाया बंधक, परिजनों ने जताया जान का खतरा
रामपुर, अमृत विचार। सिविल लाइन थाना क्षेत्र निवासी एक विद्यालय की अध्यापिक को पीलीभीत के पिता-पुत्र द्वारा बंधक बनाने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने एक पर रिपोर्ट दर्ज की है। इसके साथ ही पीड़ित ने एक लाख रुपये तथा शादी के लिए रखे जेवर ले जाने का भी आरोप लगाया है।
विष्णु विहार कालोनी निवासी संजय सक्सेना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया, उसकी 22 वर्षीय बेटी यशिका सक्सेना पटवाई के एक प्राइवेट विद्यालय में अध्यापिका है। शुक्रवार को वह सुबह लगभग 7 बजे विद्यालय गयी थी, परंतु दोपहर में छुट्टी के बाद समय पर घर वापस नहीं आई। चिंता होने पर स्कूल में पता किया तो पता चला कि यशिका शुक्रवार को स्कूल ही नहीं गई। काफी खोजबीन के बाद कोई पता नहीं चला।
जानकारी हुई कि उसकी पुत्री को पीलीभीत जिले का कुणाल रस्तोगी पुत्र मनोज रस्तोगी बहला फुसलाकर भगा कर ले गया है। साथ में एक लाख रुपये और जेवर ले जाने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित ने पीलीभीत जाकर जब लड़के के परिजनों से संपर्क किया तो लड़के के पिता ने कहा कि लड़की आई लेकिन वह लड़के के साथ कहीं चली गई। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी पिता-पुत्र उसकी पुत्र को रुपये के लालच में अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर रखा है। उसकी पुत्री को जान का खतरा है। मामले में पुलिस ने आरोपी युवक कुणाल रस्तोगी पर रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस लड़की की खोजबीन में जुटी है।
ये भी पढ़ें : रामपुर की युवती की गढ़ में गला रेतकर हत्या, प्रेमी ने दिया घटना को अंजाम, निकाह करने जा रहे थे प्रेमी युगल
