Farrukhabad: भारत स्वच्छता मिशन के कोऑर्डिनेटर ने फांसी लगाकर दी जान, VDO, ADO के साथ इनको ठहराया मौत का जिम्मेदार
फर्रुखाबाद में भारत स्वच्छता मिशन के कोऑर्डिनेटर ने फांसी लगाकर जान दे दी।
फर्रुखाबाद में भारत स्वच्छता मिशन के कोऑर्डिनेटर ने फांसी लगाकर जान दे दी। कोऑर्डिनेटर ने वीडीओ, एडीओ, तथा एक अन्य को मौत का जिम्मेदार ठहराया।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। कादरी गेट थाना क्षेत्र में स्वच्छता मिशन के कोऑर्डिनेटर ने सोमवार को फांसी लगा आत्महत्या कर ली। वह कमालगंज ब्लॉक में तैनात था। आत्महत्या से पहले लिखे गए सुसाइड नोट में उसने अपनी आत्महत्या का जिम्मेदार वीडीओ सहित तीन अधिकारियों को ठहराया है।
थानाक्षेत्र के मोहल्ला गंगानगर का रहने वाला प्रदीप कुमार सागर पुत्र लाला राम ब्लॉक कमालगंज में भारत स्वच्छता मिशन में कोऑर्डिनेटर के पद पर कार्यरत था। प्रदीप ने आज अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ।
जिसमें उसने वीडीओ, एडीओ, ग्राम पंचायत अधिकारी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। सुसाइड नोट मिलने के बाद से ही तीनों अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। प्रदीप सागर पर एडीओ पंचायत सुभाष ने शौचालय की सूची में फर्जी हस्ताक्षर कर सूची जमा करने का मुकदमा दर्ज कराया था।
बताया गया कि ग्राम पंचायत हैदरपुर की 22 शौचालय की सूची जमा हुई। जिसमें वीडीओ, एडीओ, ग्राम पंचायत अधिकारी के फर्जी हस्ताक्षर कर सूचीजमा की गई थी। प्रदीप कुमार सागर पर मुकदमा दर्ज होने के बाद उसने अपने आप को निर्दोष बता कर जान दे दी।
सुसाइड नोट में बीडीओ अशोक कुमार, एडीओ, सुभाष, ग्राम पंचायत अधिकारी आलोक पर झूठा मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाया। उसने अपने बच्चों को सांत्वना देते हुए कहा कि तुम्हारे पापा निर्दोष हैं। उन्हें फंसाया गया है। सीओ सिटी प्रदीप कुमार ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।
