मध्यप्रदेश की सरकार 'नाजायज', कांग्रेस सरकार बनने पर होगी जातिगत जनगणना : खड़गे
सागर। मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रदेश सरकार पर 'नाजायज हुकूमत' होने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार ही विकास ला सकती है और कांग्रेस सरकार बनने पर हर वर्ग के विकास के लिए जातिगत जनगणना कराई जाएगी।
खड़गे ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं, इसीलिए उनके नाम के पीछे नाथ है। नाथ का मतलब संत होता है। सागर जिले में पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संत रविदास मंदिर के भूमिपूजन आयोजन पर हमला बोलते हुए खड़गे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को संत रविदास चुनाव के समय ही याद आए। भाजपा का मकसद संत रविदास का मंदिर बनाना नहीं, वोट खींचना था।
LIVE: Congress President Shri @Kharge addresses the public in Sagar, Madhya Pradesh. https://t.co/D30Ofn5Vo0
— Congress (@INCIndia) August 22, 2023
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री यही करते हैं, यहां भी वे यही करके गए। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर संत रविदास के नाम पर विश्वविद्यालय बनेगा। खड़गे ने भाजपा पर जनादेश का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस मध्यप्रदेश जीती थी, लेकिन भाजपा ने पैसे से लोगों को खरीद कर मध्यप्रदेश छीन लिया।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की सरकार 'नाजायज हकूमत' है। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हमेशा कांग्रेस के लिए अपशब्दों का उपयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 70 साल में संविधान और लोकतंत्र बचाया, इसलिए आज मोदी प्रधानमंत्री बन सके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने मणिपुर और कर्नाटक में भी मध्यप्रदेश जैसे ही सरकार बनाई।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि ऐसे लोगों को दूर रखने के लिए कमलनाथ की ताकत बनना होगा। उन्होंने मणिपुर के संदर्भ में कहा कि वहां प्रधानमंत्री मोदी नहीं जाते। जब बोलते हैं तो वे राहुल गांधी के बारे में बोलने लगते हैं। गांधी ने चार हजार किमी पैदल चल कर भारत जोड़ने का काम किया है। खड़गे ने कहा कि कर्नाटक में 40 फीसदी भ्रष्टाचार था, अब मध्यप्रदेश में कमलनाथ को '50 फीसदी' वालों को हटाना है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश के सीधी कांड का भी जिक्र करते हुए भाजपा पर आदिवासी विरोधी होने का आरोप लगाया और इस घटना के संदर्भ में शाह से जवाब मांगा।
खड़गे ने कहा कि राज्य में कमलनाथ सरकार आई तो किसान कर्जमुक्त होंगे, एलपीजी सिलेंडर 500 रुपए में मिलेगा। महिलाओं को डेढ़ हजार रुपए हर महीने मिलेंगे। सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन लाई जाएगी और हर वर्ग के विकास के लिए जातिगत जनगणना कराई जाएगी। राजधानी भोपाल में पिछले दिनों केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा कांग्रेस से 53 सालों का हिसाब मांगने के संबंध में खड़गे ने राज्य के विभिन्न संस्थानों का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लोगों की जिंदगी बनाने का काम किया। इस जनसभा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव, सुरेश पचौरी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- ISRO ने 70 किलोमीटर की ऊंचाई से लैंडर कैमरे से ली गई तस्वीरें की जारी
