बदायूं में मरीजों की जान से खिलवाड़, झोलाछाप डॉक्टर पर रिपोर्ट दर्ज
आइजीआरएस पर हुई थी शिकायत, सीएमओ ने कराई थी मामले की जांच
DEMO IMAGE
बदायूं, अमृत विचार। बार-बार निर्देश देने के बाद भी शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में झोलाछाप हावी हैं। जो खुद को चिकित्सक बताकर लोगों की जान से खिलवाड़ करते हैं। किसी की मौत होने पर संबंधत दुकान को सील कर दिया जाता है फिर यह झोलाछाप कोई दूसरी जगह तलाश लेते हैं। थाना वजीरगंज क्षेत्र एक झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक की तहरीर पर झोलाछाप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना वजीरगंज क्षेत्र के एक व्यक्ति ने 31 जुलाई 2023 को आइजीआरएस पर शिकायत करके बताया कि तहसील बिसौली क्षेत्र के कस्बा वजीरंगज में नत्थूलाल इंटर कॉलेज के सामने न्यू अलीगढ़ हेल्थकेयर सेंटर का अवैध रूप से संचालन किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजकुमार ने जांच की थी। उन्होंने हेल्थकेयर सेंटर संचालक डॉ. इस्लमा से चिकित्सा पंजीकरण, डिग्री और संबंधित अभिलेख मांगे। संचालक जांच अधिकारी के सामने कोई भी अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।
चिकित्सा अधीक्षक ने तहरीर देकर बताया कि फर्जी तरीके से हेल्थकेयर सेंटर का संचालन करके जन मानस के साथ धोखाधड़ी की जा रही है। मानव जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। चिकित्सा अधीक्षक की तहरीर पर आरोपी न्यू अलीगढ़ हेल्थकेयर सेंटर संचालक डॉ. इस्लाम के खिलाफ धोखाधड़ी, इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट 1956, मानव जीवन को खतरे में डालने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना वजीरगंज के प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि चिकित्सा अधीक्षक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बदायूं: पूर्व प्रधान ने बाइक से मारी टक्कर, तीन कांवड़िए घायल...लगाया जाम
