लखीमपुर-खीरी: कल पहली बार शाम को खुलेंगे सरकारी स्कूल, मिशन चंद्रयान-3 की लैंडिंग का दिखाया जाएगा सीधा प्रसारण
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के सभी स्कूल आज यानी 23 अगस्त की शाम को एक घंटे के लिए अलग से खुलेंगे। यह पहला ऐसा अवसर है, जब देर शाम स्कूल खोले जाएंगे। शासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि बच्चों को चंद्रयान-3 मिशन की लाइव कवरेज को दिखाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के तहत 23 अगस्त को शाम 5:15 बजे से 6:15 बजे तक सरकारी स्कूल खोलने को कहा गया है। इस दौरान शाम 5 बजकर 20 मिनट पर चंद्रयान-3 चंद्रमा की सतह पर उतरेगा। इसी का लाइव प्रसारण सभी स्कूलों में बच्चों को दिखाया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का भी प्रसारण होगा। इसरो ने यह भी कहा है कि चंद्रमा की सतह पर उतरने के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण बुधवार शाम 5 बजकर 20 मिनट से शुरू होगा। इससे पहले चंद्रयान-2 मिशन साल 2019 में भेजा गया था।
इस अंतरिक्ष यान में आर्बिटर, लैंडर और रोवर शामिल था। लैंडर के अंदर एक रोवर था, लेकिन ये लैंडर चंद्रमा की सतह पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे यह मिशन के ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ लक्ष्य को हासिल करने में नाकाम रहा था। इसरो ने 2019 में कहा था कि चंद्रयान-2 मिशन के आर्बिटर का सेवाकाल 7 साल बढ़ गया है। बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और इंट कॉलेज बुधवार की शाम 05: 15 से 6: 15 मिनट तक खोले जाएंगे।
ये भी पढे़ं- निघासन कांड: पांचवे आरोपी पर दोष सिद्ध, 25 को सजा पर होगा फैसला
