बरेली: ग्रामीण क्षेत्र में हर घर में बिजली मीटर...मगर कागजों में
आसिफ अंसारी, बरेली, अमृत विचार। बिजली विभाग में अधिकारियों के खेल निराले हैं। वे झूठी रिपोर्ट भेजकर मुख्यालय को गुमराह करते रहे हैं। अब अफसर देहात क्षेत्र में हर घर में मीटर लगा होने का दावा कर रहे हैं। इतना ही नहीं यह रिपोर्ट आला अफसरों को भेजी जा चुकी है, मगर सच्चाई ये है कि हजारों घरों में अभी तक मीटर नहीं लगे हैं। सिर्फ कागजी दावे किए जा रहे हैं। गांवों में बिजली व्यवस्था पुराने ढर्रे पर ही है। ग्रामीणों को समय पर बिल भी नहीं मिल रहा है। इससे बकाया बढ़ता जा रहा है।
पुरनापुर के पूरे गांव में मीटर नहीं, सालों से नहीं आया बिल
पुरनापुर गांव के प्रधान पति संजीव पटेल ने बताया कि गांव में किसी भी उपभोक्ता के घर पर मीटर नहीं लगा है। वर्षों से बिजली बिल भी नहीं आया है। बालीपुर गांव में भी करीब 40 फीसदी उपभोक्ताओं के घरों में मीटर नहीं लगे हुए हैं।
दो लाख से अधिक उपभोक्ताओं ने कभी जमा नहीं किया था बिल
जिले में बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता हैं, जो बिजली तो फूंक रहे हैं, मगर बिल जमा करने में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। इनकी संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इससे राजस्व का नुकसान हो रहा है। पिछले साल के विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले में 2 लाख 79 हजार 96 उपभोक्ता ऐसे थे, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद से आज तक बिल जमा नहीं किया। इसमें 4466 उपभोक्ता शहरी क्षेत्र के शामिल थे।
हर माह 155 यूनिट के आधार पर बनते हैं बिल
जो गांव नगर निगम की सीमा में हैं, मगर बिजली उन्हें ग्रामीण क्षेत्र की मिल रही है। ऐसे उपभोक्ता के घर पर मीटर नहीं लगा होने पर हर माह एक किलोवाट के कनेक्शन पर 155 यूनिट के हिसाब से बिजली का औसतन बिल बनाकर दिया जाता है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र में 108 यूनिट के आधार पर बिजली बिल बनाया जा रहा है।
करीब आठ महीने पहले कनेक्शन लिया था,लेकिन अभी तक मीटर नहीं लगाया गया है। मीटर लगवाने के लिए कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।-रजनीश कुमार, बालीपुर अहमदपुर
गांव में किसी के घर पर मीटर नहीं लगा है। कनेक्शन लेने के बाद से साल में एक बार ही बिजली का मिल पाता है। ऐसे में बिल जमा करना मुश्किल हो जाता है।-प्रेम सेठ, पुरनापुर
घर पर मीटर नहीं लगाया गया। ऐसे में कभी कभार ही बिल मिल पाता है। कई बार मीटर लगवाने के लिए शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई।-इस्लाम, पुरनापुर
गांव में आधे से अधिक लोगों के घरों पर मीटर नहीं लगे हैं। ऐसे में एक साल से बिजली के मिल नहीं मिल पाए हैं। इकट्ठा बिल आने पर लोगों को उसे जमा करने में दिक्कत होगी।-अनिल कुमार, बालीपुर अहमदपुर
रिकार्ड के अनुसार तो सभी उपभोक्ताओं के घरों पर मीटर लगे हुए हैं, लेकिन कुछ गांवों में उपभोक्ताओं के घरों पर मीटर नहीं लग सके हैं। जल्द वहां भी मीटर लगवा दिए जाएंगे।-अशोक कुमार चौरसिया, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण
इस संबंध में मुझे जानकारी नहीं है। इसको लेकर अधीक्षण अभियंता की सही जानकारी दे सकेंगे।-राजीव कुमार शर्मा, मुख्य अभियंता
ये भी पढे़ं- बरेली: अफसर की सार्वजनिक अपील... लाइसेंस बनवाने के लिए बाबू विपिन से करें संपर्क
