बरेली: अधिक शिकायतें मिलना...अधिकारियों की कार्यशैली ठीक नहीं होने का संकेत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। किसान चकबंदी विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली से परेशान हैं। वे आईजीआरएस के जरिए समस्याएं बताने के साथ अधिकारियों की शिकायतें मुख्यमंत्री तक पहुंचा रहे हैं। चकबंदी आयुक्त जीएस नवीन कुमार ने इन शिकायतों को गंभीरता से लिया है।

उन्होंने नोटिस जारी कर जिला बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी से कहा है कि अधिक संख्या में शिकायतें प्राप्त होना भी इस बात का संकेत है कि आपकी कार्यशैली से किसानों में असंतोष है। उन्होंने मामले में सात दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।

जिला बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी पवन कुमार सिंह को भेजे नोटिस में चकबंदी आयुक्त ने कहा है कि आईजीआरएस के तहत 8 अगस्त तक 838 शिकायतें मिली हैं। इसके सापेक्ष 785 शिकायतें निस्तारित की गई हैं। 53 शिकायतें लंबित हैं। जिससे स्पष्ट है कि आपके जिले के चकबंदी अधिकारी आईजीआरएस पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में रूचि नहीं ले रहे हैं। 

इससे स्पष्ट है कि आईजीआरएस जैसे महत्वपूर्ण शिकायती पत्रों का निस्तारण कराने में आपके अपने अधीनस्थ अधिकारियों पर निगरानी शिथिल है। साथ ही अधिक संख्या में शिकायतें मिलने से भी यह पता चलता है कि आपकी कार्यशैली ठीक नहीं है। आपके स्तर से भी शिकायतों के निस्तारण में पर्यवेक्षणीय दायित्वों का निर्वहन नहीं किया जा रहा है, जो सरकारी सेवक आचरण नियमावली के विरुद्ध है। चकबंदी आयुक्त ने चेताया कि यदि निर्धारित अवधि में आपका स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होता है तो यह समझा जाएगा कि आपको इस संबंध में कुछ नहीं कहना है।

ये भी पढे़ं- बरेली: शीशगढ़ बवाल के आठ और आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

 

संबंधित समाचार