Video: मिजोरम में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन रेलवे पुल ढहने से 17 लोगों की मौत, प्रधानमंत्री ने अनुग्रह राशि की घोषणा की
आइजोल। मिजोरम के सैरांग इलाके के पास एक निर्माणाधीन रेलवे पुल के ढह जाने के कारण बुधवार को 17 मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है क्योंकि घटना के वक्त वहां 35-40 मजदूर मौजूद थे। घटना आइजोल से करीब 21 किलोमीटर की दूरी पर सुबह लगभग 10 बजे हुई। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मलबे से अब तक 17 शव निकाले गए हैं... कई अन्य अब भी लापता हैं।’’
उन्होंने कहा कि बचाव एवं राहत प्रयास जारी हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘‘मिजोरम में पुल हादसे से दुख हुआ। उन लोगों के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। प्रार्थना करता हूं कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों। बचाव अभियान जारी है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दी जा रही है।’’
Under construction railway over bridge at Sairang, near Aizawl collapsed today; atleast 17 workers died: Rescue under progress.
— Zoramthanga (@ZoramthangaCM) August 23, 2023
Deeply saddened and affected by this tragedy. I extend my deepest condolences to all the bereaved families and wishing a speedy recovery to the… pic.twitter.com/IbmjtHSPT7
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।’’ मिजोरम के मुख्यमंत्री ज़ोरमथांगा ने कहा कि वह घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख और बचाव अभियान में मदद करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आइजोल के निकट सैरांग में निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज आज ढह गया। कम से कम 17 मजदूरों की मौत हुई। बचाव कार्य जारी है। इस त्रासदी से बहुत दुखी और प्रभावित हूं। मैं सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। बचाव कार्यों में मदद के लिए बड़ी संख्या में सामने आए लोगों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।’’
इस बीच, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि मिजोरम में पुल हादसे में मारे गए मजदूरों में से कुछ उनके अपने राज्य के मालदा जिले से थे। बनर्जी ने यह भी कहा कि उन्होंने अधिकारियों को बचाव अभियान में मदद के लिए मिजोरम सरकार के साथ समन्वय बनाने को कहा है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मिजोरम में आज निर्माणाधीन रेलवे पुल हादसे के बारे में जानकर सदमे में हूं। इस हादसे में कई मजदूरों की मौत हो गई जिनमें से कुछ हमारे मालदा जिले से थे।’’ बनर्जी ने कहा, ‘‘अधिकारियों को बचाव/सहायता अभियानों में मदद के लिए मिजोरम प्रशासन के साथ समन्वय बनाने का निर्देश दिया है।
मालदा जिला प्रशासन को शोक संतप्त परिवार तक पहुंचकर हर संभव मदद को कहा गया है। हम प्रभावित परिवारों के परिजनों को यथाशीघ्र उचित मुआवजा देंगे। संकटग्रस्त लोगों के प्रति एकजुटता और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हैं। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।’’
ये भी पढ़ें- चांद पर उतरने और इतिहास रचने को चंद्रयान-3 तैयार, जानें क्यों रखी गई लैंडिंग की '23 तारीख'?, ये है वजह
