बरेली: तार टूटने और ब्रेकडाउन से गहराया बिजली संकट, लोग हुए परेशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। लगातार बारिश से गर्मी से राहत मिली लेकिन बिजली का संकट गहरा गया। शहर से लेकर देहात तक कई इलाकों में बिजली गुल होने से लोग परेशान हुए। रात में अंधेरा छा गया। बिजली न आने से पानी की आपूर्ति भी बाधित हो गई। कहीं फ्यूज उड़ने से तो कहीं ब्रेक डाउन से कटौती की गई।

हरुनगला में सुबह नौ बजे दो ट्रांसफार्मर फुंक गए। शाम पांच बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। कृष्णानगर और साईं लोक कालोनी में 500 से अधिक घरों की आपूर्ति आठ घंटे से अधिक देर तक बंद रही। शिकायत करने के बाद भी मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गई। वहीं अक्षर विहार पार्क के पास वोल्टेज कम होने से घरों में लगे उपकरण भी नहीं चल सके। आवास विकास फीडर पर बिजली लाइन पर पेड़ गिर जाने से बिजली गुल हो गई। 

स्टेशन रोड पर मंगलवार की रात 12 बजे से लेकर बुधवार की सुबह 7 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। रामपुर रोड पर बेस्ट एंड कॉलोनी में मंगलवार की रात 11 बजे से लेकर बुधवार की सुबह 8 बजे तक कटौती की गई। पुराने आरटीओ ऑफिस के पास भी मंगलवार की रात से लेकर बुधवार की दोपहर तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। डीएम आवास के आसपास भी कई घंटे की बिजली कटौती की गई।

रामपुर गार्डन में फेस नहीं होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं नदोसी उपकेंद्र पर लाइन ब्रेकडाउन होने से लोग परेशान हुए। मीरगंज की लाइन में भी ब्रेकडाउन हुआ। जगतपुर के नवादा शेखान सतीपुर, फाइक इंक्लेव, पवन बिहार और सेटेलाइट रोड पर भी बुधवार को चार से पांच घंटे की बिजली कटौती की गई। रामपुर रोड और ईसाइयों की पुलिया के पास करंट लगने से दो जानवरों की मौत हो गई।

वहीं किला और सुभाषनगर के साथ मढ़ीनाथ में भी बिजली कटौती की गई। महानगर क्षेत्र में भी चार से पांच घंटे की कटौती होने से महानगर, अकांक्षा इंक्लेव, सरदार जी कॉलोनी, मुंशीनगर और अन्य क्षेत्रों में बिजली कटौती होने से उपभोक्ता परेशान होते रहे। नकटिया में भी मंगलवार रात से बुधवार दोपहर तक बिजली संकट रहा।

ये भी पढे़ं- बरेली: डीजे बजाने के दौरान धारदार हथियार से हमला, रिपोर्ट दर्ज

 

संबंधित समाचार