Flood In Kannauj : गंगा का जलस्तर बढ़ने से बढ़ी मुश्किलें, स्कूलों में भी जलभराव, ये है स्थिति
कन्नौज में गंगा का जलस्तर बढ़ा।
कन्नौज में गंगा का जलस्तर बढ़ने से लोगों की मुश्किलें बढ़ रही है। वहीं, कई परिषदीय स्कूलों में भी जलभराव है।
कन्नौज, अमृत विचार। गंगा में आई बाढ़ ने कई परिषदीय स्कूलों में ताले लगवा दिए हैं। कुछ गांव में निजी जगह या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नौनिहालों की कक्षाएं चल रहीं हैं। गंगा व काली नदी के आसपास के गांव में रहने वाले ग्रामीणों का पल-पल मुश्किलों के बीच गुजर रहा है।
तहसील सदर क्षेत्र के कन्नौज कछोहा, लख्खीपुर्वा, जुकइया, कटरी गंगपुर, कटरी अमीनाबाद, डूंगरपुर, फिरोजपुर, तुलापुर्वा, कासिमपुर व बख्शीपुर्वा समेत अन्य गांव व उसके आसपास के इलाकों में बाढ़ का दंश है। परेशानी झेल रहे ग्रामीण अपना पेट तो किसी तरह भर लेते हैं, लेकिन मवेशियों के लिए तैरकर ही जाना पड़ता है। नाव पर भी बैठकर दूर से चारा लाना पड़ता है।
कंपोजिट स्कूल चौरा चांदपुर जुकइया में पानी भरने से विद्यालय में कई दिनों से ताला लगा है। गांव की सड़क तक पानी भरा है, जो ग्रामीणों की गर्दन तक ऊंचाई तक बताया जा रहा है। यहां इसी तरह प्राथमिक स्कूल गंगपुर कटरी में भी बाढ़ का प्रकोप है। शिक्षकों की कमर तक पानी भरा है।
बाढ़ व बारिश में जहां घरों में रखा अनाज भीग गया है तो ग्रामीणों की दिन-रात सड़कों पर गुजर रही है। कई गांव में बिजली गुल कर दिए जाने से अंधेरा है, वहां बारिश के चलते सर्प-कीड़े का भी खतरा है।
दो दिनों में छह सेमी नीचे आया जलस्तर
- 125.90 मीटर वर्तमान जलस्तर
- 124.97 मीटर चेतावनी बिंदु
- 125.97 मीटर खतरे का निशान
- 1,20,642 क्यूसेक छोड़ा गया पानी
