अपने कुछ ‘मित्रों’ की ही बात सुनते हैं मोदी: राहुल
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर युवाओं की समस्याओं पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को कहा कि मोदी बेरोजगारी का दंश झेल रहे नौजवानों के भविष्य की अनदेखी कर सिर्फ अपने चंद ‘मित्रों’ की बात सुनते हैं। गांधी ने पार्टी की ‘स्पीकअप’ मुहिम के …
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर युवाओं की समस्याओं पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को कहा कि मोदी बेरोजगारी का दंश झेल रहे नौजवानों के भविष्य की अनदेखी कर सिर्फ अपने चंद ‘मित्रों’ की बात सुनते हैं।
गांधी ने पार्टी की ‘स्पीकअप’ मुहिम के तहत जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि बेरोजगारी से पीडि़त देश का युवा आज मोदी से अपने हक का रोजगार और उज्ज्वल भविष्य मांग रहा है लेकिन प्रधानमंत्री चुप हैं और युवाओं की समस्याओं को अनदेखा किया जा रहा है। देश के युवाओं को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा देश की हालत आपसे बेहतर कौन जानता है। आप हिंदुस्तान का भविष्य हो और आपको भविष्य आज दिख रहा है।
कोरोना आने से पहले मैंने कहा था कि तूफान आने वाला है। फरवरी में कहा था, तैयारी कीजिए। सरकार ने मेरा मजाक उड़ाया। जब तूफान आया, मैंने फिर सुझाव दिया- युवाओं के भविष्य के लिए आपको तीन काम करने होंगे। उन्होंने सरकार को तीन सुझाव देते हुए कहा कि पहले हर गरीब व्यक्ति के बैंक खाते में ‘न्याय’ योजना जैसे सीधा पैसा जमा कराया जाना चाहिए। दूसरा लघु एवं मध्यम दर्जे के संस्थानों की मदद की जानी चाहिए। उनका कहा कि ये ही देश की रीढ़ की हड्डी हैं और युवाओं का भविष्य है इसलिए इन संस्थानों की रक्षा के लिए उनकी पूरी मदद की आवश्यकता है।
इसके साथ ही उन्होंने रणनीतिक महत्व के उद्योगों को डूबने से बचाने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे संस्थानों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए उन्हें सुरक्षा देने की जरूरत है। गांधी ने कहा कि मोदी ने उनके सुझाव पर कुछ नहीं किया, उल्टा अपने चुने हुए 15-20 दोस्तों का लाखों करोड़ रुपये कर्ज माफ कर उनको कर में छूट प्रदान की है।
उनका कहना था कि मोदी ने अपनी नीतियों के कारण हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था को नष्ट कर दिया है और युवाओं का भविष्य बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि आज मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहता हूं कि हिंदुस्तान का युवा आपकी ओर देख रहा है। आज भी आप तीन काम कर सकते हो। पहला, गरीब लोगों के बैंक अकाउंट में सीधा पैसा डालिए।
दूसरा, रीढ़ की हड्डी को बचाइए, स्मॉल एंड मीडियम बिजनेस की रक्षा कीजिए, उनको पैसा दीजिए। तीसरा, ये जो निजीकरण करते हैं, अपने मित्रों को जो हमारी सरकारी कंपनियां आप पकड़ाते हैं, ये आप बंद कीजिए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी देश के युवाओं की उम्मीद है और इन युवाओं के लिए उन्हें काम करना चाहिए लेकिन वह चुप हैं। उन्होंने मोदी से पूछा कि युवा आपकी ओर देख रहा है, आप देश के प्रधानमंत्री हो, आप चुप क्यों हो गए हो। कुछ बोलिए आप, बहुत दिनों से आपने कुछ बोला नहीं, न अर्थव्यवस्था के बारे में आप बोलते हैं, न चीन के बारे में आप बोलते हैं, कुछ बोलिए देश आपकी ओर देख रहा है।
