अयोध्या : गरीब नवाज एक्सप्रेस से गिरा बिहार निवासी रेल यात्री, लखनऊ रेफर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या,अमृत विचार। बिहार प्रान्त निवासी एक रेल यात्री यात्रा के दौरान ट्रेन से नीचे गिरने के चलते गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल यात्री को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाये जाने के बाद चिकित्सक ने हालत गंभीर देख उसको लखनऊ मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है।  

बताया गया कि  32 वर्षीय मोहम्मद जाहिद पुत्र मोहम्मद कैसर निवासी इसका थाना नागपट्टी जनपद बेगूसराय शुक्रवार को बिहार के किशनगंज से वाया लखनऊ-दिल्ली होकर राजस्थान के अजमेर को जाने वाली अजमेर गरीब नवाज एक्सप्रेस ट्रेन से जा रहा था। इसी दौरान अयोध्या कैंट से रवाना होने के बाद रात्रि लगभग 1.45 बजे मोहम्मद जाहिद रौनाही थाना क्षेत्र स्थित देवरकोट रेलवे स्टेशन के निकट चलती एक्सप्रेस ट्रेन से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से हादसे की जानकारी के बाद पुलिस ने घायल रेल यात्री को उपचार के लिए शनिवार की सुबह 7.35 बजे जिला अस्पताल ले आई।  घायल यात्री की जिला अस्पताल के तीन सर्जन डॉक्टर आशीष श्रीवास्तव, डॉक्टर वेद प्रकाश सिंह और ईएनटी सर्जन ने परीक्षण किया तथा हालत गंभीर होने के चलते उसको उपचार के लिए किंग जार्ज मेडिकल कालेज लखनऊ रेफर कर दिया। 

जीआरपी थाना अयोध्या कैंट के प्रभारी निरीक्षक पप्पू यादव का कहना है कि डायल 112 के माध्यम से मोहम्मद चांद ने रात्रि 2:24 बजे हादसे की जानकारी दी।  इसके बाद केस को अटैंड करने के लिए आरपीएफ को अवगत कराया गया, लेकिन आरपीएफ का कोई उप निरीक्षक या जवान उसकी देखभाल के लिए जिला अस्पताल तक नहीं गया। जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यात्री की हालत गंभीर होने के चलते एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय से लखनऊ मेडिकल कालेज भेजवाया गया है। 

ये भी पढ़ें -लखनऊ: मुजफ्फरनगर के स्कूल में बच्चे पर थप्पड़ को लेकर बोले ब्रजेश पाठक - कानून राज को मेंटेन करेंगे

संबंधित समाचार