Kanpur: लड़की से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, दबंगों ने मामा की ट्रक के पाने से पीट-पीटकर की हत्या, भांजा घायल
कानपुर में ट्रक के पाने से पीट-पीटकर युवक की हत्या।
कानपुर के हनुमंत विहार थानाक्षेत्र में दबंगों ने ट्रक के पाने से पीट-पीटकर युवक की हत्या कर दी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने जांच शुरू की।
कानपुर, अमृत विचार। हनुमंत विहार थानाक्षेत्र में लड़की से छेड़छाड़ का विरोध करना भारी पड़ गया। दंबगों ने ट्रक के पाने से मामा की पीट-पीटकर हत्या कर दी। जबकि भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। हंगामे की सूचना पर एसीपी समेत कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पांच को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। वहीं, आक्रोशित परिजनों ने नौबस्ता हाईवे पर शव रखकर जाम लगाया।
छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी
उस्मानपुर चौकी के अंतर्गत मौरंग मंडी के पीछे पवन (35) दो बच्चे अमर, टिंकू परिवार के साथ बस्ती में रहता था। परिजनों ने बताया कि शनिवार रात उसका भांजा रामू घर के पास खड़ा था। इसी दौरान वहां से एक लड़की गुजर रही थी। जिसके साथ कुछ लड़कों ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस पर रामू ने विरोध किया तो पिंटू, चावली, टक्कल, रमेश उर्फ गुंजा, अज्जू उफ राहुल ने जमकर पिटाई कर दी।
बीच-बचाव करने पर मामा को पीटा
चीख-पुकार की आवाज सुन मामा पवन बाहर आया तो दबंग रामू को पीट रहे थे। जिसका पवन ने विरोध किया, तब दबंगों ने ट्रक के पाने से पवन की जमकर पिटाई कर दी। वारदात को अंजाम देकर दबंग मौके से फरार हो गए। परिजन उन्नाव के एक अस्पताल ले गए। जहां युवक की मौत हो गई।
हंगामे की आशंका पर कई थानों का फोर्स पहुंचा
युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। उन्नाव में युवक की मौत के बाद परिजन शव को लेकर कानपुर आ रहे है। इस पर हंगामे की आशंका को देखते हुए घटनास्थल पर एसीपी समेत कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा।
बस्ती में नशेबाजी, छेड़छाड़ आम बात
मौरंग मंडी के पीछे बस्ती में लोग जुग्गी-झोपड़ी बनाकर रहते है। जहां लोग पूरा नशेबाजी किया करते थे। इतना ही नहीं, नशे में होकर वह राह चलने वाली लड़कियों से छेड़छाड़ भी करते है। विरोध करने पर गाली-गलौज करते है।
