Jalaun: ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत हुआ खुलासा, पत्नी ने मित्र के साथ मिलकर कराया था पूर्व प्रधान पर हमला, चार गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जालौन में पूर्व प्रधान पर हमला करने वाली पत्नी समेत चार गिरफ्तार।

जालौन में पूर्व प्रधान पर हमला करने वाली उसकी पत्नी समेत चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत 150 सीसीटीवी कैमरा खंगाले। तब जाकर पूरे हत्याकांड का खुलासा हो सका।

जालौन, अमृत विचार। बीते 15 दिन पूर्व भोर के समय  अपने पालतू डॉगी को टहलाने निकले पूर्व प्रधान को बाइक से आए तीन युवकों ने फिल्मी अंदाज में जान से मारने की नियत से गोली मार दी। शोर मचाते हुए वह नीचे गिर पड़ा। यह देखकर बाइक सवार हमलावर फरार हो गए। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया था।

उक्त घटना का रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक असीम चौधरी ने खुलासा किया तो पूर्व प्रधान को जान से मारने के लिए कराए गए हमले के पीछे कोई और नहीं बल्कि उसकी पत्नी ही निकली। उसने अपने स्कूल टाइम के दोस्त के साथ मिलकर पति को मारने की साजिश रची थी।

जानकारी के मुताबिक 12 अगस्त को शहर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला तुलसी नगर स्थित बेरी वाले बाबा की मजार के सामने वाली गली में कुठौंदा गांव के पूर्व प्रधान संजय राजपूत को बाइक से आए बदमाशों ने उस वक्त गोली मार दी थी जब वह अपने पालतू डॉगी को टहलाने के लिए घर से निकला था। इस घटना से वह बुर तरह घायल हो गया था। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से हायर सेंटर कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया।

पूर्व प्रधान अब खतरे से बाहर बताया जा रहा है, हालांकि अभी उसका उपचार चल रहा है। दूसरी तरफ घटना को अंजाम देने वालों को पकड़ना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक असीम चौधरी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि उक्त घटना के खुलासे के लिए आपरेशन त्रिनेत्र काफी मददगार साबित हुआ।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर पुलिस की टीमें गठित की गई। इसमें सर्विलांस टीम, एसओजी और कोतवाली पुलिस को लगाया गया था। सीसीटीवी फुटेज से घटना का खुलासा करने में पुलिस को मदद मिली। पुलिस ने घायल पूर्व प्रधान की पत्नी अंजलि और अभियुक्त विनोद केवट पुत्र ग्यासी निवासी नादिया पंडोखर जिला दतिया, जितेंद्र केवट पुत्र स्व. जगदीश केवट निवासी काजीपाठा थाना भांडेर जिला दतिया, रविंद्र माली उर्फ ड्राइवर पुत्र रामकिशन मुहल्ला कटरा समथर जिला झांसी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की निशानदेही से एक तमंचा 315 बोर व एक अदद खोखा कारतूस चैंबर में फंसा हुआ बरामद किया। पुलिस ने जब अभियुक्तों से पूछताछ की तो बताया गया कि घायल की पत्नी अंजलि ने अपने स्कूल समय के दोस्त  उपेंद्र कुमार यादव उर्फ मोनू पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी वार्ड नं. 10 काजीपाठा थाना भांडेर जिला दतिया मध्यप्रदेश के साथ मिलकर पति की हत्या करने की साजिश रची थी।

पुलिस का कहना है कि ग्रह क्लेश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया था। उरई कोतवाल जितेंद्र सिंह की टीम ने एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

आठ लाख रुपए की थी सुपाड़ी, चार लाख था एडवांस

पूर्व प्रधान संजय राजपूत को मौत के घाट उतारने की पीछे उसकी पत्नी अंजलि के नाम का खुलासा पुलिस ने किया है। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि अंजलि ग्रह क्लेस से परेशान थी और उसने अपने स्कूल टाइम के दोस्त उपेंद्र के साथ मौत की साजिश रची थी। इस साजिश में विनोद, जितेंद्र, रविंद्र शामिल थे। आठ लाख रुपए में संजय की हत्या की बात तय हुई थी। इसके लिए चार लाख रुपए विनोद ने एडवांस लिया और उसके रिश्तेदार अवधेश उर्फ रवी व जितेंद्र पुत्रगण भवानी निवासी कुठौंदा थाना इंदलगढ़ दतिया व लक्ष्मण केवट पुत्र वृंदावन निवासी छैपटा थाना समथर जिला झांसी को दिए। शेष चार लाख रुपए हत्या के बाद देना तय हुआ था। 

पुलिस ने खंगाले 150 सीसीटीवी कैमरा

पूर्व प्रधान के ऊपर हुए जानलेवा हमला की पूरी कहानी ब्लाइंड थी। पुलिस के पास घटना को अंजाम देने वालों के पास पहुंचने के लिए आपरेशन त्रिनेत्र काम आया। इसके तहत शहर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरा में हमलावर कैद हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने घटना वाले दिन के और उसके पहले के सीसीटीवी फुटैज पर बारीकी से काम किया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शहर के तकरीवन 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तलाशी गई और साक्ष्य संकलन किया गया, तब जाकर अभियुक्तों तक पुलिस पहुंच पाई। 

संबंधित समाचार