बरेली: 15 दिन से तीन सौ बेड अस्पताल में जांचें बंद, रिजेंट ही नहीं
लैब से ब्लड सैंपल लेकर जिला अस्पताल भेजे जा रहे
बरेली, अमृत विचार। तीन सौ बेड अस्पताल में आने वाले मरीजों का जांच कराने में ही दम फूल रहा है। 15 दिन से लैब में रिजेंट न होने से जांचें नहीं हो पा रही हैं। मरीजों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए जिला अस्पताल भेजे जा रहे हैं। तीन दिन में जांच रिपोर्ट आ पा रही है। मरीजों को परेशानी हो रही है। वहीं, एचआईवी जांच के लिए भी किट उपलब्ध नहीं हैं।
अस्पताल में प्रतिदिन ओपीडी में करीब सात सौ से अधिक मरीज आते हैं। इस समय मलेरिया, टाइफाइड और डेंगू की जांच लैब में नहीं हो पा रही है। यहां सिर्फ ब्लड सैंपल लिए जा रहे हैं। काफी समय से लैब में रिजेंट की कमी बनी हुई है। इसके अलावा एक सप्ताह से एचआईवी जांच भी नहीं हो पा रही है। जिन लोगों को एचआईवी जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा रहा है, मगर वहां भी एचआईवी जांच किट उपलब्ध नहीं है। जिले में 5050 एचआईवी ग्रसित मरीज हैं।
ऑपरेशन से पहले कराई जाती है एचआईवी जांच
त्वचा, नाक, कान, गला और दंत रोग समेत कोई भी ऑपरेशन कराने से पहले एचआईवी जांच अनिवार्य रूप से करानी होती है। रिपोर्ट के बाद ही डॉक्टर मरीज का इलाज शुरू करते हैं, लेकिन एचआईवी जांच किट न होने से मरीजों की परेशानी बढ़ गई है।
फिर खराब हो गई मशीन
कुछ समय पहले लैब की मशीन में खराब आ गई थी। जिसे ठीक कर दिया गया, अब एक बार फिर से सीबीसी और बॉयो कैमिस्ट्री मशीन खराब हो गई है। कई बार लैब प्रभारी उच्चाधिकारियों को मशीन दुरुस्त कराने और रिजेंट उपलब्ध कराने को पत्र भेज चुके हैं, मगर अब तक जिम्मेदारों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है।
शासन की ओर से एचआईवी जांच किट उपलब्ध कराई जाती हैं, लेकिन इस बार मांग के बाद भी किट नहीं आईं, मरीजों की सहूलियत के चलते 5 हजार किट की लोकल खरीद हाल में की गई है। जिसका वितरण जल्द कराया जाएगा---संजीव सक्सेना, प्रभारी, सीएमएसडी।
यह भी पढ़ें- बरेली : मदुरै रेल हादसे के बाद इज्जतनगर और मुरादाबाद मंडल में अलर्ट
