Nuh Shobha Yatra: नूंह में बिना अनुमति शोभायात्रा निकालने की तैयारी,  मेवात का नलहड़ शिव मंदिर बना छावनी, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चंड़ीगढ़। ‘सर्व जातीय हिंदू महापंचायत’ के सोमवार को शोभा यात्रा निकालने के आह्वान के मद्देनजर नूंह और इसके आस-पास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और दंगा रोधी वाहन एवं ड्रोन तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

प्राधिकारियों ने यात्रा की अनुमति नहीं दी है। नूंह जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सोमवार को शैक्षणिक संस्थान और बैंक बंद रखने का आदेश दिया है। मोबाइल इंटरनेट और ‘बल्क एसएमएस’ सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है और सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील जिले में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को नूंह में प्रवेश की अनुमति नहीं है और जिले के सभी प्रवेश मार्गों को सील कर दिया गया है। कड़ी नजर रखने के लिए हरियाणा पुलिस कर्मियों और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि अंतरराज्यीय और अंतरजिला सीमाओं पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं पर अवरोधक लगाए हैं और सुरक्षा बल नूंह में प्रवेश कर रहे सभी वाहनों की गहन जांच कर रहे हैं। दंगा रोधी वाहन एवं ड्रोन भी तैनात किए गए हैं। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की यात्रा पर 31 जुलाई को भीड़ द्वारा हमला किए जाने के बाद नूंह और उसके आसपास के इलाकों में हुई सांप्रदायिक झड़पों में दो होम गार्ड और एक इमाम सहित छह लोग मारे गए थे। सर्व जातीय हिंदू महापंचायत ने नूंह में बृज मंडल शोभा यात्रा 28 अगस्त को बहाल किए जाने का 13 अगस्त को आह्वान किया था। यह यात्रा जुलाई में सांप्रदायिक हिंसा के कारण बाधित हो गई थी।

विहिप ने कहा है कि यात्री निकाली जाएगी और इस तरह के धार्मिक आयोजनों के लिए प्रशासन से अनुमति लेने की कोई जरूरत नहीं है। बहरहाल, प्राधिकारियों ने यात्रा की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कुछ हफ्ते पहले हुई नूंह हिंसा का जिक्र करते हुए रविवार को पंचकूला में कहा था कि ‘यात्रा’ की अनुमति नहीं दी गई है।

उन्होंने कहा था, ‘‘यात्रा में भाग लेने के बजाय लोग जलाभिषेक के लिए अपने-अपने इलाकों के मंदिरों में जा सकते हैं।’’ उन्होंने कहा था कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। सावन के महीने का आखिरी सोमवार 28 अगस्त को है। पुलिस ने बताया कि अर्धसैनिक बलों की 24 कंपनी के अलावा हरियाणा पुलिस के 1,900 कर्मी तैनात किए गए हैं। जिले के सभी प्रवेश मार्गों को सील कर दिया गया है और नलहड़ मंदिर की ओर जाने वाली सड़क भी बंद कर दी गई है। नूंह के उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने ‘शोभा यात्रा’ के आह्वान के मद्देनजर निर्धारित स्थानों पर 57 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं।

उन्होंने स्थानीय लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन से सहयोग करने की भी अपील की। हरियाणा पुलिस प्रमुख शत्रुजीत कपूर ने शनिवार को कहा था कि प्रशासन ने तीन से सात सितंबर के दौरान नूंह में होने वाली जी20 शेरपा समूह की बैठक के मद्देनजर और 31 जुलाई की हिंसा के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यात्रा की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। 

हरियाणा के नूंह में वीएचपी यात्रा पर ममता सिंह, एडीजी(कानून एवं व्यवस्था) ने कहा कि हमने किसी भी प्रकार की यात्रा या समूह आंदोलन करने की अनुमति नहीं दी है...इंटरनेट सेवा निलंबित है...जांच चल रही है, 250 से अधिक आरोपियों की पहचान की गई है और उन्हें गिरफ्तार किया गया है। चार एसआईटी तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है...जो भी सोशल मीडिया के जरिए भड़काने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उनके अकाउंट (सोशल मीडिया) ब्लॉक कर दिए जाएंगे। 

वही, नूंह में VHP यात्रा पर राजेंद्र, आईजी, साउथ रेंज, रेवाड़ी ने बताया कि प्रशासन की तरफ से किसी भी प्रकार की यात्रा करने की अनुमति नहीं दी गई है। कानून एवं व्यवस्था के लिए इलाके में बल की तैनाती की गई है। इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है...मैं लोगों से अपील करूंगा कि वे आपसी समझ से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखें। 

ये भी पढ़ें-  नूंह में प्रशासन का बड़ा फैसला, शिव मंदिर जाने पर दो दिन की रोक, जलाभिषेक के लिए पास जरूरी

संबंधित समाचार