Fire In Unnao : तिरपाल फैक्ट्री में लगी आग, धुआं उठता देख लोगों में मचा हड़कंप, लाखों का नुकसान
उन्नाव में संदिग्ध हालात में तिरपाल फैक्ट्री में लगी आग।
उन्नाव के मगरवारा औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत तिरपाल फैक्ट्री में संदिग्ध हालात में आग लग गई। शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
उन्नाव, अमृत विचार। मगरवारा औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत एक तिरपाल फैक्ट्री में रविवार रात संदिग्ध हालात में आग लग गई। फैक्ट्री से उठ रही लपटें देख आसपास के लोगों ने इसकी सू्चना पुलिस व दमकल को दी। कर्मियों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिये।
औद्योगिक क्षेत्र मगरवारा अंतर्गत सिंगरोसी मार्ग पर एक फैक्ट्री संचालित है। जहां कपड़े से तिरपाल बनाया व उसकी रंगाई की जाती है। रविवार को फैक्ट्री में काम बंद होने से वहां स्टाफ भी कम था। रविवार रात साढ़े आठ बजे फैक्ट्री से लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आग बस्ती तक न पहुंचे इसे लेकर ग्रामीणों ने निजी संसाधन से आग बुझाने में फैक्ट्री कर्मियों की मदद के साथ मगरवारा चौकी पुलिस व दमकल को सूचना दी।
फैक्ट्री में मौजूद कर्मियों के अनुसार आग से लाखों का नुकसान हुआ है। हालांकि इसका सही आकलन आग बुझने के बाद ही हो सकेगा। अग्निशमन अधिकारी शिवराम यादव ने बताया कि फैक्ट्री में आग की सूचना के तुरंत बाद एक दमकल वाहन को मौके पर भेजकर आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिये गए हैं। शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। फैक्ट्री में आग बुझाने के संसाधन हैं कि नहीं इसकी जांच की जाएगी। यदि मानकों में अनदेखी मिली तो मालिक को नोटिस भेजकर कार्रवाई की जाएगी।
