थॉमस-उबेर कप के लिए भारतीय टीमें घोषित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन संघ (बाई) ने थॉमस और उबेर कप के लिए हैदराबाद स्थित पुलेला गोपीचंद साई बैडमिंटन अकादमी में खिलाड़ियों के तैयारी शिविर को अनिवार्य क्वारंटाइन अवधि के समय से पूरा न होने के चलते रद कर दिया और दोनों टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीमें घोषित कर दीं। थॉमस-उबेर कप का आयोजन डेनमार्क …

नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन संघ (बाई) ने थॉमस और उबेर कप के लिए हैदराबाद स्थित पुलेला गोपीचंद साई बैडमिंटन अकादमी में खिलाड़ियों के तैयारी शिविर को अनिवार्य क्वारंटाइन अवधि के समय से पूरा न होने के चलते रद कर दिया और दोनों टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीमें घोषित कर दीं।

थॉमस-उबेर कप का आयोजन डेनमार्क के आरहस में तीन से 11 अक्टूबर तक होगा। बाई ने हाल में बताया था कि प्रतिष्ठित थॉमस और उबेर कप के लिए तैयारी शिविर सोमवार से हैदराबाद स्थित पुलेला गोपीचंद साई बैडमिंटन अकादमी में शुरू होने जा रहा है और इसके लिए पुरुष तथा महिला खिलाड़ियों की घोषणा कर दी गई है। शिविर के लिए चुने गए सभी 26 खिलाड़ियों का अकादमी में रहना अनिवार्य किया गया था और अंतिम टीम चयन 17 सितंबर को होना था।

भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने मुख्य राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद द्वारा प्रस्तावित इस शिविर के आयोजन को अपनी मंजूरी दे दी थी। शिविर 27 सितंबर तक जारी रहना था लेकिन बाई के महासचिव अजय सिंघानिया ने बयान जारी कर कहा कि स्टैंडर्ड प्रोटोकॉल और सात दिन की अनिवार्य क्वारंटीन अवधि 17 सितम्बर तक पूरी नहीं हो सकती है इसलिए तैयारी शिविर को रद करने का फैसला किया गया है और छह सदस्यीय चयन समिति ने भारतीय पुरुष और महिला टीमें घोषित कर दी हैं।

सिंघानिया ने कहा कि साई और अन्य सभी हितधारकों से बातचीत के बाद हमने शिविर रद करने का फैसला किया है। मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) और क्वारंटीन प्रक्रिया का पालन करने में शिविर को आयोजित करने के लिए समय नहीं बचेगा और पांच चयनकर्ताओं तथा राष्ट्रीय कोच के साथ विचार-विमर्श करने के बाद हमने यह फैसला किया। हमने थॉमस और उबेर कप के साथ डेनमार्क में खेले जाने वाले दो टूर्नामेंटों के लिए टीमें चुन ली हैं।

थॉमस और उबेर के लिए भारतीय टीमें :
थॉमस कप- पुरुष टीम : किदाम्बी श्रीकांत, परुपल्ली कश्यप, लक्ष्य सेन, शुभंकर डे, मनु अत्री, बी सुमित रेड्डी, ध्रुव कपिला, एमआर अर्जुन, कृष्ण प्रसाद गरगा, सिरिल वर्मा,
उबेर कप- महिला टीम: पीवी सिंधू, सायना नेहवाल, आकर्षि कश्यप, मालविका बंसोड़, अश्विनी पोनप्पा, एन सिक्की रेड्डी, संजना संतोष, पूजा डांडू, जे मेघना, पूर्विशा राम

संबंधित समाचार