Hamirpur News : सफाई कर्मियों ने कोतवाली पहुंच काटा हंगामा, नगर पालिका में तैनात महिला से की थी मारपीट
हमीरपुर में सफाई कर्मियों ने कोतवाली पहुंच हंगामा किया।
हमीरपुर में आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई न होने पर नगर पालिका में तैनात सफाई कर्मियों ने कोतवाली पहुंच हंगामा किया। बीते एक पखवारा पहले महिला सफाई कर्मी के साथ मारपीट हुई थी।
हमीरपुर, अमृत विचार। कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई न करने के आरोप को लेकर नगर पालिका में तैनात सफाई कर्मी भड़क उठे। दोपहर में सैकड़ों की तादाद में सफाई कर्मियों ने कोतवाली पहुंच कर जमकर हंगामा काटा। कोतवाल ने नाराज सफाई कर्मियों को कार्रवाई का भरोसा देते हुए उन्हें शांत कराया।
गौरतलब है कि बीते 12 अगस्त को कस्बे के बुधौलियाना मोहल्ला निवासी महिला सफाई कर्मी शगुन पत्नी शिवराम बजरिया मोहल्ले के एक कूडे़दान में कबाड़ बीन रही थी। उसी दौरान पंकज पुत्र जयप्रकाश आया और नाजायज गाली गलौज करने लगा। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकी देते हुए मारापीटा। बताया कि मारपीट से उसे गंभीर चोटें आईं थी। पीड़िता सफाई कर्मी ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सोमवार को पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध केाई कार्रवाई न करने के आरोप को लेकर सैकड़ों की तादाद में नगर पालिका में तैनात सफाई कर्मियों ने केातवाली पहुंच कर जमकर हंगामा काटा। शगुन ने बताया कि आरोपी की मारपीट से उसका एक हाथ टूट गया है।
कोतवाली में हंगामा देते मौके पर पहुंचे कोतवाल संजय कुमार सिंह ने सफाई कर्मियों से मेडिकल लाने की बात कही। कहा कि वह मेडिकल लेकर आए वह कार्रवाई करेंगे। तब कहीं जाकर सफाई कर्मी शांत हुए। इस दौरान करीब एक घंटे तक कोतवाली में हंगामा कटा रहा। कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जायेगी।
