मुरादाबाद : 24 घंटे बिजली देने का दावा बेदम, कटौती से जूझ रहे महानगरवासी
समस्या समाधान की बजाय बिजली चेकिंग में जुटे विभाग के अधिकारी
मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा बेदम है। कटौती से महानगर के नागरिकों की परेशानी बढ़ी है। आपूर्ति में सुधार की बजाय विभाग के अधिकारी बिजली चोरी पर सख्ती कर रहे हैं।
महानगर में लोग बिजली कटौती और जर्जर तार व पुराने ट्रांसफार्मर में आए दिन होने वाले फाल्ट की समस्या से जूझ रहे हैं। समस्याओं के समाधान की जगह अधिकारी बिजली चोरी रोकने में लगे हैं। मोहल्ला दिनदारपुरा में बिजली के दो खंभे के बीच वाले तारों में एक महीने में कई बार फाल्ट की समस्या बनी है। यहां रहने वाले रईसुद्दीन का कहना कि एक महीने में 50 से अधिक फाल्ट हो चुके हैं।
मंडी चौक बिजलीघर पर 7 से 8 बार जर्जर तार बदलने के लिए शिकायती पत्र दे चुके हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मुहल्ला लालबाग के कमल सैनी ने बताया कि ट्रांसफार्मर पर बिजली के तारों के जाल में चिंगारी से आए दिन आग लगने की घटना होती रहती है। राहगीरों पर कई बार चिंगारियां गिरी हैं। इसके लिए कई बार अधिशासी अभियंता को शिकायती पत्र देने के अलावा फोन से आग लगते समय मौके से फोन कर जानकारी दी गई। लेकिन कोई देखने तक नहीं आया।
मुहल्ला तहसील स्कूल चौराहे के दुकानदार मेराज हुसैन ने बताया कि बिजली घर से चंद कदमों पर आए दिन तारों के जाल में आगजनी आम बात है। घनी आबादी के कारण बच्चों और बड़ों को हर वक्त निकलना होता है। बिजली घर के एसडीओ को कई तार बदलने की बात कहने पर केवल तसल्ली दे दी जाती है।
मुहल्ला अमरोहा गेट चौराहे पर कल्लू मिष्ठान भंडार पर काम करने वाले आदित्य अग्रवाल ने बताया कि खुले में रखा ट्रांसफार्मर कई वर्षों से बदला नहीं गया है। जिसमें सैकड़ों बार फाल्ट हो चुके हैं। इसे बदला नहीं जा रहा है।
पुराने तार और ट्रांसफार्मर बदले जा रहे हैं। तारों और ट्रांसफार्मर की यह हालत बिजली चोरी व ओवरलोडिंग के चलते है। इस पर अंकुश के लिए तारों व ट्रांसफार्मर पर लोड कम करना होगा। बिजली चोरी पर रोक से यह संभव है।- शैलेंद्र कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता वितरण खंड द्वितीय
ये भी पढ़ें:- जिले में धरातल पर दिखने चाहिए विकास कार्य : वीरेंद्र सिंह
