शाहजहांपुर: तालाब में उतराता मिला ग्रामीण का शव, फैली सनसनी
रविवार की शाम से था लापता, परिवार ने नहीं दी कोई तहरीर
फोटो- फोटो-14, मौके पर पंचनामा भरने की कार्रवाई करती पुलिस।
रोजा/ भावलखेड़ा, अमृत विचार। रविवार की शाम से लापता ग्रामीण का शव गांव के एक तालाब में तैरता मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों की मदद से शव तालाब से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। इस घटना के संबंध में पत्नी ने थाने पर सूचना दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के गांव सरही मजरा निवासी राजाराम (57) पुत्र कंचन मेहनत मजदूरी करता था। कई वर्षों के बाद भी उसकी कोई औलाद नहीं थी। जिससे अक्सर परेशान रहता था। रविवार की शाम वह अचानक लापता हो गया। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। सोमवार की सुबह गांव के कुछ लोग मरघट के पास तालाब के पास से गुजर रहे थे तो उन्होंने तालाब में शव तैरता देखा।
तालाब में शव पड़े होने की खबर पूरे गांव में जंगल में आग की भांति फैल गई। तालाब में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही राजाराम की पत्नी रामरती भी परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गई। तालाब में शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकला।
शव के बाहर आते ही लोगों ने उसकी शिनाख्त की। राजाराम का शव तालाब से मिलने की खबर जैसे ही उसके परिजनों को मिली पूरे परिवार में कोहराम मच गया। इस घटना के संबंध में मृतक की पत्नी रामरती ने थाने पर लिखित सूचना दी है। वही एसएसआई व हल्का इंचार्ज सकतावत सिंह ने बताया कि सरही में तालाब में शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। परिजनों ने सूचना के अलावा कोई तहरीर नहीं दी गई। यदि कोई तहरीर आती है तो जांच कर कार्रवाई की जायेगी।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चूक, कूलर में लगी आग, मची अफरा-तफरी
