मुरादाबाद : अधर में मेटल हैंडीक्राफ्ट सर्विस सेंटर सहित 13 परियोजनाएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

स्मार्ट सिटी मिशन : जून से बढ़ाकर दिसंबर तक शासन ने दी थी मोहलत, चार महीने में कार्य  पूरा कराने की चुनौती

एकीकृत कमांड सेंटर।

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुरादाबाद स्मार्ट सिटी मिशन की 37 में से 13 परियोजनाएं अभी भी अधर में हैं। यह स्थिति तब है जब सरकार ने कार्यों की स्थिति देखकर इन्हें पूरा करने का समय जून से बढ़ाकर दिसंबर कर दिया। अब चार महीने में इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को पूरा कराने की चुनौती है। नागरिकों को इन परियोजनाओं के पूरा होने का इंतजार है। 

मुरादाबाद स्मार्ट सिटी मिशन की ओर से 37 महत्वाकांक्षी परियोजनाएं लागू की गईं। इसका उद्देश्य शहर को स्मार्ट बनाकर जन सामान्य को बेहतर सुविधा देना था। इसमें से 24 परियोजनाएं जिसमें 232.92 करोड़ रुपये लागत का एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, चार्जिंग स्टेशन फार ई-रिक्शा, कॅरियर मित्र  वेवसाइट, पार्कों का पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण, सोलर आधारित वाटर  एटीएम आदि पूरे हो चुके हैं।

शेष परियोजनाओं को इस साल जून तक पूरा करना था। लेकिन, कई कार्य अधर में होने से समय सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव अधिकारियों ने किया। जिसे शासन ने मंजूर कर दिसंबर तक की मोहलत दे दी। कार्यदायी संस्थाओं की सुस्त कार्यशैली के चलते अभी भी 500 करोड़ से अधिक की 13 महत्वाकांक्षी परियोजनाएं अधर में हैं। जिसके पूरा होने का इंतजार नागरिकों को है। इन कार्यों के पूरा होने से महानगर में कई अत्याधुनिक सुविधाएं बढ़ जाएंगी। 

आज होगी कार्यों की प्रगति की समीक्षा
मुरादाबाद। स्मार्ट सिटी के परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा मंगलवार को सर्किट हाउस में होगी। मुख्य अभियंता का कहना है कि जिलाधिकारी, महापौर आदि की उपस्थिति में होने वाली बैठक को लेकर तैयारी में सभी जुटे हैं।

यह कार्य हो चुके हैं पूरे
मुरादाबाद। निगम क्षेत्र में 232.92 करोड़ की लागत से पीलीकोठी में एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, संपत्तियों का जीआईएस सर्वे, वायु गुणवत्ता सूचकांक मापक स्टेशन जो जिगर कॉलोनी, हरथला, दिल्ली रोड, पीतल नगरी, डिप्टी गंज, ट्रांसपोर्ट नगर में बने हैं। इसके अलावा पीतल उद्योग में रोजगार के लिए कॅरियर मित्र, ई-बाइक शेयरिंग सेंटर, मानव शवदाह गृह, एनीमल कार्कस, पार्कों का सौंदर्यीकरण, सरकारी भवनों पर सोलर रूफ टाप, सोलर हाईमास्ट लाइट, स्ट्रीट वेंडर्स के लिए सोलर लालटेन, स्कॉडा के अन्तर्गत जलापूर्ति सिस्टम और स्मार्ट मीटरिंग, वर्षा जल का ग्राउंड वाटर रिचार्ज संयंत्र, ई-कियोस्क समेत 24 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। 

इन पर चल रहा काम
मुरादाबाद। मेटल हैंडीक्राफ्ट सर्विस सेंटर जीर्णोद्धार, आपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत जर्जर स्कूलों का जीर्णोद्धार, ब्रास उद्योग में काम करने वालों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सीएसआईआर अनुमोदित सुविधा, स्मार्ट रोड नेटवर्क, इलेक्ट्रिक पावर स्कॉडा प्रोजेक्ट, सिटी ब्रांडिंग लोगो एंटी प्वांइट्स, रेट्रोफिटिंग आफ ओल्ड एरिया, विद्युत आपूर्ति और स्मार्ट मीटरिंग का काम चल रहा है। 

स्मार्ट सिटी की 37 में से 24 महत्वाकांक्षी परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। 13 पर तेजी से काम चल रहा है। गुणवत्ता के साथ तय समय पर काम पूरा कराया जाएगा। - अनिल कुमार मित्तल, मुख्य अभियंता मुरादाबाद स्मार्ट सिटी मिशन 

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : रेलवे सेकेंड एंट्री गेट पर यात्री पीने के पानी को मोहताज, शौचालय में भी लटका ताला

 

संबंधित समाचार