मुरादाबाद : रेलवे सेकेंड एंट्री गेट पर यात्री पीने के पानी को मोहताज, शौचालय में भी लटका ताला
रोजाना 450-500 यात्री खरीदते हैं टिकट, सुरक्षा के भी नहीं है उचित प्रबंध
सेकेंड एंट्री गेट पर टिकट खिड़की के पास खड़े वाहन एवं टिन शेड के नीचे बैठे यात्री।
मुरादाबाद, अमृत विचार। रेलवे स्टेशन यात्रियों की सुविधा को लाइनपार क्षेत्र में सेकेंड एंट्री गेट है। लेकिन, यहां अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। रोजाना यहां से 450-500 यात्री प्रवेश करते हैं। लेकिन, पूछताछ केंद्र न होने से ट्रेनों की जानकारी के लिए उन्हें लंबी दूरी तय कर प्लेटफार्म नंबर एक तक की दौड़ लगानी पड़ रही है। यही नहीं सेकेंड एंट्री गेट पर यात्रियों के लिए पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं है। सुरक्षा के उचित प्रबंध नहीं है। यहां यात्री बेंच पर बाहरी लोगों के कब्जे की आम शिकायत है।
रेलवे प्रशासन ने लाइनपार की तरफ से आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफार्म संख्या पांच की तरफ एक टिकटघर बनवाया गया है। जहां पर रेल कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाती है। यहां पर टिकट तो कंप्यूट्रीकृत मिलते हैं, लेकिन यहां पर सुविधाओं का कोई इंतजाम नहीं है। सबसे बड़ी समस्या यहां पेयजल की है। पीने के पानी की व्यवस्था न होने से यात्री परेशान रहते हैं। खासतौर से महिलाओं और बच्चों को परेशानी होती है। यहां पर मौजूद एक सफाईकर्मी से जब पूछा गया कि पीने के पानी की कोई व्यवस्था है तो उसने एक कैंटीन में लगी टंकी की तरफ इशारा किया। यह कैंटीन बंद पड़ी है। इस एक टंकी के अलावा और कोई दूसरी पेयजल की व्यवस्था नहीं है।
टिकटघर पर ही महिला और पुरुषों के लिए शौचालय बने हैं, लेकिन दोनों पर ही ताले लटके रहते हैं। हालांकि पुरुष मूत्रालय की व्यवस्था बाहर बना रखी है, लेकिन महिलाओं के लिए कोई इंतजाम नहीं है। जिससे महिला यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। एक मूत्रालय के पास में टंकी से पानी बह रहा था, लेकिन इस तरफ किसी का ध्यान नहीं। प्लेटफार्म पांच की तरफ यात्रियों के लिए बैठने की व्यवस्था है, लेकिन यहां पर लाइटें तो लगी हैं, लेकिन गर्मी से बचाव के लिए पंखों की कोई व्यवस्था नहीं है।
यात्री ऐसे ही गर्मी में बैठने को मजबूर है। टिकट काउंटर की तरफ दो-तीन बेंच पड़ी हैं। लेकिन इन बेंचों पर यात्रियों की जगह घुमंतू लोग आकर बैठ जाते हैं। टिकटघर के बाहर भी बड़ी संख्या में इन लोगों का बसेरा लगा हुआ दिखाई दिया। यहां पर सुरक्षा के लिहाज से रेलवे पुलिस का कोई सिपाही दिखाई नहीं दिया। साफ-सफाई का भी उचित प्रबंध नहीं है। टिकटघर पर गंदगी पसरी हुई थी। हालांकि यहां पर कूड़ेदान तो रखे हैं, लेकिन कूड़ा इधर-उधर पड़ा हुआ था।
सेकेंड एंट्री गेट पर टिकट विंडो के पास पेयजल की व्यवस्था है,आसपास टंकी लगी है। मुख्य स्टेशन पर पानी का पर्याप्त इंतजाम है। जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। शौचालयों पर लगे तालों की जानकारी की जाएगी। रेलवे यात्रियों की सुविधा का पूरा ख्याल रखता है। -सुधीर सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : 24 घंटे बिजली देने का दावा बेदम, कटौती से जूझ रहे महानगरवासी
