बरेली: ससुराल जा रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली में बाइक से ससुराल जा रहे युवक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाते वक्त उसकी रास्ते में मौत हो गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, संभल जिले के चंदौसी का रहने वाला 20 वर्षीय जितेंद्र की बरेली में सिरौली थाना क्षेत्र के बड़ा गांव में ससुराल है। सोमवार को जितेंद्र बाइक से अपनी ससुराल के लिए निकला था। तभी रामनगर- आंवला मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।

इस दौरान राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल जितेंद्र को आंवला के रामनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई और जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं हादसे का वायरल वीडियो देखने के बाद आज सुबह मृतक के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान जितेंद्र के रूप में की। जिसके बाद से मृतक की गर्भवती पत्नी नीरज का रो-रो कर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- अपने आप चलने लगी लकड़ी की सीढ़ी! VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल

संबंधित समाचार