अयोध्या : स्कूली बच्चों ने पुलिस कर्मियों को बांधा रक्षासूत्र, लिया सुरक्षा का आश्वासन
अयोध्या, अमृत विचार। मंगलवार को शहर के विभिन्न विद्यालयों की स्कूली छात्राएं समूह में विभिन्न पुलिस कार्यालयों में पहुंची और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को रक्षा सूत्र बांधा तथा परंपरा के मुताबिक सुरक्षा का आश्वासन हासिल किया। एसएसपी राजकरन नय्यर के निर्देशन में राखी बांधने पहुंची छात्राओं को पुलिस की ओर से गिफ्ट और मिष्टान का वितरण किया गया।
परंपरागत रूप से सावन माह की पूर्णिमा तिथि को रक्षाबंधन पर्व मनाया जाता है। पर्व से जुड़ी किवदंती और परपरा के मुताबिक बहने अपने भाई को रक्षा सूत्र बांधती हैं और उनसे भविष्य में अपनी देखभाल और सुरक्षा का आश्वासन लेती है। स्कूलों में पर्व को लेकर छुट्टी होने के चलते स्कूली छात्राएं मंगलवार को समूह में निकली और अपने क्षेत्र के पुलिस कार्यालय पहुंच रक्षा सूत्र बांधा।
सावन झूला मेला सुरक्षा ड्यूटी और निगरानी को लेकर अयोध्या कोतवाली में मौजूद एसपी सिटी मधुबन सिंह को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की बालिकाओं ने राखी बाँधी और अन्य पुलिस कर्मियों व अधिकारियों को भी रक्षा सूत्र बांधा। इसके बाद स्कूली छात्राओं को पुलिस कर्मियों की ओर से मिठाई खिलाई गई और उपहार प्रदान कर विदा किया गया।
ये भी पढ़ें -पटलों पर पदनाम की लगाएं पट्टिका : कैबिनेट मंत्री
