Auraiya News: घर में मिला मजदूर का शव, शरीर पर मिले चोट के निशान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
औरैया में घर में मिला मजदूर का शव।
औरैया में सदर कोतवाली के मोहल्ला खानपुर में मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के बरामद में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। वहीं, मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
औरैया, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी अनवार खां का बेटा अनीस (23) चार दिन पहले घर से काम के सिलसिले में रसूलाबाद गया था। वहां स्कूल के हो रहे निर्माण में काम कर रहा था। सोमवार रात को वहां उसकी किसी तरह मौत हो गई। इसके बाद देर रात उसके साथी शव लेकर उसके घर पहुंचे।
मंगलवार दोपहर को अनीस के परिजन ने पुलिस को हत्या किए जाने की सूचना दी। इस पर कोतवाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कोतवाल को परिजनों ने बताया कि अनीस के शरीर पर चोट के निशान हैं। इससे मारपीट कर उसकी हत्या की गई है। उसके साथी शव को दरवाजे पर फेंककर चले गए। इस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अनीस की अभी शादी नहीं हुई थी।
पुलिस ने गांव के ही उसके साथियों को पूछताछ की तो पता चला कि निर्माण कार्य के दौरान छत से गिरने से अनीस की मौत हुई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल पंकज मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्प्ष्ट होगा। इसके बाद जांचकर कार्रवाई की जाएगी।
