हरदोई : पड़ोसी पर लगाया जिन्दा जलाने के इरादे से घर में आग लगाने का आरोप
हरदोई, अमृत विचार। पड़ोसी ने अपने पड़ोसी के घर में आग लगा दी। पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि बहू और उसके बच्चों को ज़िंदा फूंकने के इरादे से ऐसा किया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि कोतवाली शहर के मंगलीपुरवा निवासी सुखलाल गुप्ता ने पुलिस को तहरीर में कहा है कि सोमवार की देर रात को उसकी बहू अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थी। उसी दौरान पड़ोसी अविनाश उर्फ लवकुश ने उसके घर में आग लगा दी।आग की उठ रहीं लपटें देख कर आस-पड़ोस के लोग दौड़ पड़े। तुरंत दमकल कर्मियों की मदद ली गई।
सुखलाल का कहना है कि अगर समय रहते दमकल कर्मी न पहुंचते तो उसकी बहू और उसके बच्चों की जान पर बन सकती थी। पुलिस ने दी गई तहरीर पर अविनाश उर्फ लवकुश के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें -प्रयागराज : बसपा सांसद अतुल राय को गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मामले में मिली जमानत
