लखनऊ : फैक्ट्रियों को नोटिस, टीजी यूरिया की मांगी जानकारी
लखनऊ, अमृत विचार। 65 फैक्ट्रियाें में टेक्निकल ग्रेड (टीजी) यूरिया के इस्तेमाल होने की जानकारी नोटिस भेजकर कृषि विभाग ने मांगी है और जवाब मिलने के आधार पर जांच की जाएगी। यदि अनुदानित यूरिया मिली तो विभाग कार्रवाई करेगा।
पेंट, प्लाई बोर्ड, मुद्रण स्याही, बारनिश, लेमिन बोर्ड, पशु आहार, साबुन, शीशा आदि बनाने में टेक्निकल ग्रेड यूरिया का इस्तेमाल किया जाता है। यह यूरिया तीन हजार रुपये बोरी तक आती है। वहीं, कृषि कार्य में इस्तेमाल होने वाली नीम कोटेड यूरिया अनुदान पर किसानों को 265 रुपये करीब मिलती है। इस कारण टेक्निकल ग्रेड यूरिया महंगी होने की वजह से अनुदानित कृषि योग्य यूरिया का इस्तेमाल किया जाता है।
ऐसी आशंका पर जिला कृषि अधिकारी तेग बहादुर सिंह ने जिले की 65 फैक्ट्रियों को नोटिस जारी कर टेक्निकल ग्रेड यूरिया इस्तेमाल करने की जानकारी मांगी है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर 100 प्रतिशत जांच कर नमूने लेंगे। यदि अनुदानित यूरिया मिली तो कार्रवाई करेंगे। इस अभियान के तहत सात नमूने लेकर परीक्षण के लिए भेजे हैं।
ये भी पढ़ें -अखिलेश यादव ने LPG सिलेंडर कीमतों में छूट पर कसा तंज, लिखा ये Tweet
