संभल : पत्नी व प्रेमी ने हत्या कर थाने के नजदीक घर में फेंका शव, केस दर्ज कराने को ग्रामीणों ने थाने पर किया हंगामा
संभल/कैला देवी/अमृत विचार। कैलादेवी थाना क्षेत्र में ग्रामीण की हत्या कर शव कैला देवी थाने के नजदीक एक घर में डालकर घर के बाहरी दरवाजे पर ताला लगा दिया गया। परिजनों ने मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग को लेकर कैला देवी थाने पर हंगामा किया। हंगामे के बाद पुलिस ने मरने वाले की पत्नी,उसके कथित प्रेमी व साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
रोरादीप गांव निवासी तीस वर्षीय विजयपाल सिंह की पत्नी कुसुम ने कुछ समय पहले पति को छोड़कर निरयावली गांव के रहने वाले भूरे के साथ रहना शुरु कर दिया था। विजयपाल पत्नी व उसके प्रेमी भूरे के खिलाफ कार्रवाई के लिए जहां अफसरों को अर्जियां दे रहा था वहीं उसने अदालती कार्रवाई भी कर रखी थी। पिछले कुछ दिन से विजयपाल सिंह दिल्ली में रह रहा था। रविवार को विजयपाल दिल्ली से अपने घर आया था। मां रामकली का कहना है कि कैला देवी थाना पुलिस ने फोन करके विजयपाल को बुलाया तो विजयपाल सोमवार सुबह को घर से गया था मगर फिर वापस नहीं लौटा। तलाश किया तो रात को विजयपाल का शव कैला देवी थाने के नजदीक बने उसके मकान में पड़ा मिला।
भड़के परिजन तो पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
संभल,अमृत विचार: विजयपाल का शव मकान में पड़ा मिला तो परिजन विजयपाल की पत्नी व प्रेमी पर कुछ लोगों के साथ मिलकर विजयपाल की हत्या का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सुबह पुलिस ने अनसुना कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शाम को शव पोस्टमार्टम के बाद वापस गांव आया तो भड़के परिजनों ने थाने पर पहुंचकर हंगामा शुरु कर दिया। हालात देख पुलिस ने तहरीर लेकर विजयपाल की पत्नी कुसुम, प्रेमी भूरा व उसके भाई के अलावा निरयावली के प्रधानपति रामखिलाड़ी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
मां बोली पुलिस वालों ने बुलाया था
संभल। विजयपाल की मां रामकली का कहना है कि पुलिस ने फोन कर विजयपाल को बुलाया था। वह थाने जाने की बात कहकर घर से गया था और फिर थाने के पास मकान में उसकी लाश मिली। रामकली का कहना है कि कुसुम व उसके प्रेमी भूरे ने कुछ लोगों के साथ मिलकर विजयपाल की संपत्ति हथियाने के लिए पहले भी कई साजिशें रची थीं।
ये भी पढ़ें : संभल: ट्रैक्टर की साइड लगने से बाइक सवार मां-बेटे की मौत
