Kanpur News : नगर निगम अधिकारियों ने मनाई स्वच्छता की राखी, शहर को पूर्णतया स्मार्ट बनाने की खाई शपथ
कानपुर नगर निगम अधिकारियों ने स्वच्छता की राखी मनाई।
कानपुर नगर निगम अधिकारियों ने स्वच्छता की राखी मनाई। जिसमें अधिकारियों ने शहर को पूर्णतया स्मार्ट बनाने की शपथ खाई।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में कूड़ा भरकर डंप ले जा रही गाड़ियों पर कैमरों से नजर रखी जा रही है। बीते दिनों में चार ऐसे ड्राइवरों पर कार्रवाई की गई है जो कूड़े को बिना ढ़के ही ले जा रहे थे। एनजीटी की गाइडलाइन को पूरा करने और कूड़े के सही निस्तारण को लेकर नजर रखी जा रही है। बुधवार को अपर नगर आयुक्त ने नगर निगम में आयोजित स्वच्छता की राखी कार्यक्रम में यह जानकारी दी। इस दौरान नगर निगम अधिकारियों ने स्कूली छात्राओं से राखी बंधवा कर शहर को पूरी तरह स्मार्ट सिटी बनाने की शपथ थी ली।
अपर नगर आयुक्त प्रतिपाल सिंह के नेतृत्व में नगर निगम सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें बीएनएसडी शिक्षा निकेतन के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने राखी बंधवाने के साथ ही बच्चों को उपहार भी दिए।
अपर नगर आयुक्त प्रतिपाल चौहान ने कहा कि स्वच्छता की राखी कार्यक्रम, एक वादे, एक अपनत्व का प्रतीक है। आज हमारे सभी सफाई कर्मचारी, अधिकारी और नगर निगम कर्मचारी शपथ लेते हैं कि अपने शहर को पूरी तरह से स्मार्ट सिटी बनाने का लक्ष्य पूरा करेंगे। उन्होंने कहा किसी भी शहर के विकास के लिए स्वच्छता, शिक्षा और रोजगार तीनों जरूरी हैं।
90 वार्ड से उठा रहे डोर-टू-डोर कूड़ा
उन्होंने कहा कि जहां भी गंदगी होती है वहां बीमारी आती है इसलिए जरूरी है कि शहरवासी कूड़ा घर के बाहर न फेंके, नगर निगम की गाड़ियों को दें। हम नगर 90 वार्डों से घर-घर कूड़ा कलेक्शन कर रहे हैं। आने वाले दिनों में हम सभी 110 वार्डों से डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने में सफलता हासिल करेंगे। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए हमारे सभी अधिकारी, जेएएसओ सुबह 7 बजे अपनी बीट पर जा रहे हैं। उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की मॉनीटरिंग की जा रही है।
गाड़ियों की कमी जल्द होगी दूर
नगर स्वास्थ्य अधिकारी अमित सिंह गौर ने कहा कि शासन भी स्वच्छ भारत अभियान के लिए प्रतिबद्ध है। 2911 की अपेक्षा अब शहर की जनसंख्या 50 लाख हो गई है। कूड़े को उठाने के लिए जितने संसाधन हमें चाहिए वह कम हैं। उन्होंने बताया कि अभी हमारे पास 400 प्लस गाड़िया है, 650 गाड़ियां हम लोगों को चाहिए। 15वें वित्त के माध्यम से वाहन खरीदे जाएंगे। हमारे पास सफाई कर्मचारी भी कम हैं, लेकिन इनकी पूर्ति के लिए महापौर और नगर आयुक्त प्रयास कर रहे हैं। 15वें वित्त में 60 कूड़े अड्डे को हटाकर ट्रांसफ़र स्टेशन में स्थापित किया जाएगा।
कानपुर को इंदौर के बराबर लाना है
नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि झाड़ू लगने के बाद कूड़ा सड़क पर नहीं फेंके, इससे शहर की छवि खराब हो रहा है। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की अपील की। हमने अभियान चलाकर सवा करोड़ रुपये वसूले हैं। प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तमाल से वायु प्रदूषण और भूमिगत जल खराब हो रहा है। यह प्लास्टिक गंगा में भी जा रही है, जिससे पानी दूषित हो रहा है, हमें कानपुर को इंदौर के बराबर लाना है।
