UP T-20 League: पहले मुकाबले में नोएडा ने कानपुर को हराया, सामर्थ्य सिंह बने मैन ऑफ द मैच
कानपुर, अमृत विचार। सामर्थ्य सिंह की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी और भुवनेश्वर कुमार की आक्रामक गेंदबाजी के दम पर नोएडा सुपरकिंग ने यूपी टी-20 लीग के ओपनिंग मैच में बुधवार को मेजबान कानपुर सुपरस्टार टीम को 16 रनों से हरा दिया। नोएडा ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 169 रन बनाए थे, जवाब में कानपुर की टीम आठ विकेट गवां कर 153 का ही स्कोर बना सकी। नोएडा के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने चार ओवरों में महज 16 रन देकर कानपुर टीम के दो विकेट झटके, जबकि सामर्थ्य ने टीम के लिए 91 रन बनाए। सामर्थ्य को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर पहले खेलने उतरी नोएडा सुपरकिंग की टीम की सधी शुरुआत रही। टीम की ओर से ओपनिंग करने उतरे अलमास शौकत और सामर्थ्य सिंह ने अच्छा खेल दिखाया और ग्रीनपार्क के चारो ओर अच्छे शॉट लगाए। टीम के स्कोर बोर्ड पर 47 रन जुड़ चुके थे, इसी दौरान पांचवे ओवर की चौथी गेंद पर नोएडा टीम को पहला झटका अलमास शौकत के रूप में लगा। कानपुर के एएस राजपूत ने शौकत को 21 रन पर पवेलियन लौटा दिया। शौकत ने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। इसके बाद क्रीज पर आए शांतनु कानपुर की गेंदबाजी के सामने जूझते नजर आए। 10वें ओवर की पहली गेंद पर महज 7 रनों पर शांतनु आउट हो गए। आकिब खान ने शांतनु को कैच आउट करा दिया। इसके बाद टीम के नितीश राना क्रीज पर उतरे, लेकिन कोई खास कमाल नहीं दिखा सके। वह सिर्फ 6 बॉल ही खेल सके और इस दौरान उन्होंने 6 रन ही टीम के लिए जोड़े। 86 रन के स्कोर पर नीतिश राना के रूप में नोएडा को तीसरा झटका लगा, उनका विकेट विवेक ने लिया। हालांकि, दूसरी ओर से सामर्थ्य सिंह ने टीम के स्कोर बोर्ड को चलायमान रखा, और चौके-छक्कों की बरसात जारी रखी। नितिश के बाद खेलने उतरे प्रशांत वीर ने भी कुछ खास नहीं कर सके, वह 1 रन पर ही आउट हो गए। 13वें ओवर की तीसरी गेंद पर प्रशांत वीर के रूप में टीम को चौथा झटका लगा। इसके बाद क्रीज पर आए ओशो मोहन ने सामर्थ्य के साथ मिलकर तेजी से स्कोर बोर्ड में नंबर जोड़े। दोनों खिलाड़ियों ने मैदान के चारो ओर शॉट्स लगाए जिसकी बदौलत सामर्थ्य ने 58 गेंद पर 91 रन बनाए। 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर जब टीम का कुल स्कोर 157 रन था इस दौरान सामर्थ्य भी अपना विकेट गंवा बैठे, ओवर के आखिरी की तीन गेंदों में टीम के खिलाड़ियों ने 12 रन जोड़े जिसके सहारे कानपुर की टीम के सामने छह विकेट खोकर 169 रन का लक्ष्य रखा। कानपुर सुपर स्टार की ओर से आकिब खान और जसमेर धनकर ने दो-दो विकेट और अंकित राजपूर और विवेक ने एक-एक विकेट झटका।

जवाब में कानपुर सुपरस्टार की टीम की ओर से ओपनिंग करने उतरे आदर्श सिंह और राहुल बाजपेई ने धीमी शुरुआत की। भुवनेश्वर कुमार के पहले ओवर में दोनों ही खिलाड़ी मिलकर सिर्फ 4 रन ही बना सके। दूसरे ओवर में दोनों ही खिलाड़ियों ने 14 रन झटक लिए और दो ओवर में बिना किसी नुकसान के 18 रन जोड़ लिए। पांचवे ओवर में टीम का स्कोर 28 रन पहुंचा था इसी दौरान टीम को आदर्श सिंह के रूप में पहला झटका लगा। आदर्श सिंह ने 18 गेंदों पर 16 रन बनाए। उन्होंने तीन चौके लगाए। इसके बाद खेलने आए अंश यादव तो खाता तक नहीं खोल सके, 52 रन के स्कोर पर आठवें ओवर में प्रशांत वीर ने उनको क्लीन बोल्ड कर दिया। अंश के बाद क्रीज पर समीर रिजवी खेलने आए। राहुल बाजपेई के साथ मिलकर समीर ने टीम का स्कोर आगे बढ़ाया। हालांकि, 37 रन के निजी स्कोर पर जब 9 ओवर में टीम के 60 रन हुए थे तो राहुल भी अपना विकेट सौरभ कुमार को दे बैठे। इसके बाद क्रीज पर विकेट कीपर संदीप तोमर खेलने उतरे । इस दौरान दूसरी ओर से खेल रहे समीर रिजवी ने तीन कई गेंदों को बाउंड्री के पार पहुंचाया। संदीप तोमर 13वें ओवर में 7 रन पर आउट हो गए। इस समय तक टीम के स्कोर पर चार विकेट पर 92 रन लग चुके थे।
इसके बाद अक्शदीप नाथ क्रीज पर उतरे, उन्होंने समीर के साथ रन जोड़ना शुरू किए। 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर 41 रन बनाकर समीर भी पवेलियन लौट गए, जिसके बाद कानपुर की टीम संकट से घिर गई। इसके बाद खेलने उतरे सौरभ दुबे 3 रन बनाकर चलते बने। टीम के 136 रन के आगे अक्शदीप नाथ और प्रशांत चौधरी संघर्ष करते रहे। 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर भुवनेश्वर कुमार ने अक्शदीप नाथ को भी 32 रन पर शिकार बनाया। अंतिम ओवर में टीम को 23 रन बनाने थे। इस दौरान प्रशांत और आकिब जूझते दिखे। आखिरी ओवर में दोनों खिलाड़ी महज 7 रन ही बना सके, आखिरी गेंद पर प्रशांत आउट हो गए और कानपुर मैच हार गया।
ये भी पढ़ें -हरदोई में धूमधाम से मनाया जा रहा रक्षाबंधन का त्यौहार, मिठाई की दुकानों पर उमड़ी भीड़
