लखीमपुर-खीरी: भाई ने भाई का गला काटकर किया हत्या का प्रयास
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। लखीमपुर खीरी जिले के मैलानी थाना क्षेत्र की बांकेगंज पुलिस चौकी अंतर्गत जवाहरपुर गांव में घर में चारपाई पर सो रहे 30 वर्षीय राजपाल पुत्र चेतराम की गला काटकर हत्या करने का प्रयास उसके छोटे भाई वीरपाल ने किया, जिसका इलाज लखनऊ के ट्रामा सेंटर में चल रहा है।
हत्या के प्रयास का आरोपी भाई पुलिस की गिरफ्त में अब तक नहीं आ सका है। जवाहरपुर निवासी राजपाल के बाबा रामलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पोता सुबह चार बजे घर के आंगन में चारपाई पर सो रहा था।
उनका दूसरा पोता वीरपाल मैलानी सरकारी अस्पताल के पास रहता है। जिसका राजपाल की पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं। वीरपाल कभी-कभी घर आया जाया करता है। इसी कारण वह राजपाल से रंजिश भी मानता है।
सुबह चार बजे के करीब वह घर पर आया और आंगन में सो रहे राजपाल को जान से मारने की नीयत से उसकी गर्दन को चाकू से काट दिया। राजपाल की चीख पुकार सुनकर जब उसकी चारपाई के पास पहुंचे तो देखा कि वीरपाल हाथ में चाकू लिए खड़ा था। शोर मचाने पर वह भाग निकला।
खून निकलता देख राजपाल को एंबुलेंस से बांकेगंज सीएचसी लेकर गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने रामलाल की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी वीरपाल की तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में किसी भी समय हो सकते हैं चुनाव, फैसला निर्वाचन आयोग लेगा: केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट से कहा
