प्रतापगढ़: कलयुगी मां ने फेंका सात माह का गर्भस्थ शिशु, कुत्तों ने नोंचा
दिल को झकझोर देने वाली इस घटना से लोग स्तब्ध
प्रतापगढ़। कलयुगी मां ने अपने ही गर्भस्थ शिशु की किलकारी से मुंह मोड़ लिया। उसे गांव की बांस की कोठ के पास सीमेंट की बोरी में लपेट कर फेंक दिया। आवारा कुत्तों ने भ्रूण को नोंचकर खा डाला। दिल को झकझोर देने वाली इस घटना को जिसने भी सुना स्तब्ध रह गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोहंड़ौर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर खुर्द गांव में स्थित एक बांस की कोठ और नींबू के पेड़ के बीच घासों के झुरमुट में गुरुवार दोपहर कुछ ग्रामीणों ने कुत्तों को कुछ नोंचकर खाते देखा। नजदीक पहुंचने पर देखा तो सात महीने के भ्रूण के शव को कुत्ते नोंच कर खा रहे थे। इस घटना को सुनते ही लोगों की भीड़ जुट गई।
कोहंडौर थाने के एसआई रवि चौधरी और राम जनम पांडेय ने पहुंचकर उसके के बारे में जानकारी लेने लगे लेकिन गांव के लोग कुछ बता नहीं पाए। गांव के लोगों ने अनुमानतः बताया कि बुधवार रात अंधेरे में किसी ने उसे यहां फेंका होगा। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि लावारिस हालत में भ्रूण का क्षत-विक्षत शव पाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद और स्थिति स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : विपक्षी दलों के गठबंधन पर बोले ब्रजेश पाठक, कहा- भ्रष्टाचार में डूबे और सत्ता के भूखे लोगों का समूह
