रामपुर: पति करता था मारपीट...विवाहिता ने बंद कमरे में मिट्टी तेल छिड़क लगा ली आग, मौत
मौत की सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम और सीओ सिटी मौके पर पहुंचे, पूछताछ के लिए पुलिस ने पति को लिया हिरासत में
रामपुर, अमृत विचार। थाना गंज इलाके में मिट्टी का तेल डालकर विवाहिता ने खुद को आग के हवाले कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। आनन फानन में मौके पर पहुंचे सीओ सिटी और फॉरेंसिक टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। विवाहिता की मौत होने पर मायके पक्ष के लोगों ने पति पर विवाहित का मारने-पीटने के आरोप लगाए। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है, पूछताछ की जा रही है।
थाना गंज क्षेत्र की चौकी रज्जड़ के मोहल्ला घेर सैफुल खां पीपल वाला घेर निवासी सलमान शमसी की पत्नी निगहत (55) ने शुक्रवार की सुबह 11 बजे कमरे बंद करके मिट्टी तेल छिड़कर आग लगा ली, जिससे मौके पर उसकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने घर से आग की लपटें उठती देखी तो खलबली मच गई। आनन फानन में मोहल्लेवासियों ने सूचना पुलिस को दी। मिट्टी का तेल डालने से विवाहिता की मौत होने से पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सीओ सिटी अरुण कुमार, फॉरेंसिक टीम और थाना गंज पुलिस मौके पर पहुंची।
इसके बाद विवाहिता के पति से पुलिस ने पूछताछ की। सही जवाब नहीं देने पर पति को पुलिस अपने संग थाने ले आई। सुरक्षा के लिहाज से घर के बाहर पुलिस फोर्स को तैनात किया गया। महिला के परिजनों का आरोप है, निगहत से उसका पति सलमान आए दिन मारपीट करता है। कई बार घर जाकर समझाने की कोशिश की। लेकिन, वह नहीं माना। निगहत की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। थाना गंज प्रभारी लव सिरोही ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: चाइनीज मांझे से कटी दो साल के मासूम की गर्दन, लगे 15 टांके
